तवांग पूरी तरह सुरक्षित, राहुल गांधी कर रहे सेना का अपमान: कानून मंत्री किरेन रिजिजू

अरुणाचल प्रदेश।  भारत-चीन मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान के बाद विवाद खड़ा हो गया है। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने चीन सीमा विवाद को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा था। इस दौरान उनके एक बयान पर विवाद हो गया, जिसमें उन्होंने कहा था कि अरुणाचल में भारतीय सेना के जवान पीटे गए।

इस दौरान राहुल गांधी ने कहा केंद्र सरकार चीन मुद्दे को नजरअंदाज कर रहा है। तवांग मुद्दे को छिपाने की कोशिश की जा रही है। देश की सरकार सोई हुई है और चीन ने युद्ध की तैयारी की है। हिंदुस्तान की सरकार रणनीतिक रूप से काम नहीं करती है, इवेंट बेस काम करती है। जहां जिओ पॉलिटिक्स की बात आती है, वहां इवेंट काम नहीं आते, वहां ताकत काम आती है।

भाजपा लगातार कांग्रेस नेता के बयान की आलोचना कर रही है। अब केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने भी उन पर करारा हमला किया है। केंद्रीय मंत्री ने शनिवार को ट्वीट कर कहा, राहुल गांधी न केवल भारतीय सेना का अपमान कर रहे हैं, बल्कि देश की छवि को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं।

किरेन रिजिजू ने शनिवार को अरुणाचल प्रदेश के तवांग का दौरा किया। किरेन रिजिजू ने तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा कि हमारे सैनिक यहां पूरी तरह मुस्तैद हैं और तवांग पूरी तरह सुरक्षित है। इस दौरान एक अन्य ट्वीट में उन्होंने राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए कहा, वह न केवल कांग्रेस पार्टी के लिए एक समस्या हैं, बल्कि वह देश के लिए एक बड़ी शर्मिंदगी बन गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *