आतंकियों को जघन्य कृत्य की कीमत चुकानी पड़ेगी: एलजी मनोज सिन्हा

जम्मू कश्मीर। रविवार को जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रेडियो कार्यक्रम ‘अवाम की आवाज’ को संबोधित किया। उन्‍होने कहा कि हम नए साल में प्रवेश कर चुके हैं। वर्ष 2022 में कई चुनौतियों को पार करते हुए अर्थव्यवस्था के कई क्षेत्रों में नई उपलब्धियां हासिल की हैं। कई सरकारी योजनाओं ने प्रदेशवासियों की आकांक्षाओं को पूरा करने में मदद की है। उन्होंने कहा प्रदेश के कई लोग निस्वार्थ भाव से मानवता की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने समाज को गहरी ताकत और आत्मविश्वास दिया है।

एलजी मनोज सिन्हा ने राजोरी में हुए दोहरे आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि आतंकियों को जघन्य कृत्य की कीमत चुकानी पड़ेगी। जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों का जीवन बेहतर हो इसके लिए ठोस उपाय किए जा रहे हैं। आतंक के खिलाफ लड़ाई में पूरा देश एकजुट है।

एलजी सिन्‍हा ने पुंछ के डॉ. उदेश पाल शर्मा और जसप्रीत सिंह का उदाहरण देते हुए कहा कि दोनों अपनी कड़ी मेहनत से लोगों का विश्वास और सद्भावना अर्जित कर रहे हैं। एलजी मनोज सिन्‍हा ने कहा कि राजोरी की सांगपुर पंचायत की सरपंच जगमोहन कौर अपने बेहतरीत काम से सामाजिक परिवर्तन करते हुए क्षेत्र के लोगों को प्रेरित कर रही हैं।

बडगाम के जाहिद हुसैन और आकिब बाबा ने वंचित छात्रों के लिए पुस्तकालय स्थापित किया है। दोनों युवा पीढ़ी के भविष्य को संवार रहे हैं। कुपवाड़ा की जमरुदा और जीनत नारी शक्ति का उदाहरण हैं। वह दूसरों को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाती हैं।

रामबन के कोथरी गांव के अरुण शर्मा खेती में अपने प्रयोग से किसानों को रूबरू करवा रहे हैं। वह किसानों को आधुनिक खेती और तरीके को अपनाने के लिए दूसरों को प्रेरित कर रहे हैं।

कार्यक्रम में जम्मू से पूजा रैना और मोहम्मद सादिक पोसवाल ने शहरी क्षेत्रों में जल जमाव की समस्या को कम करने के लिए एकीकृत नीति का सुझाव दिया है। पुंछ से राशिद चौधरी और श्रीनगर से बशीर अहमद ने जल निकायों और शहरी नालों के कायाकल्प और उपचार के लिए सुझाव दिए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *