डेनमार्क के क्राउन प्रिंस-प्रिंसेस चार दिवसीय यात्रा पर भारत पहुंचे

नई दिल्ली। डेनमार्क के क्राउन प्रिंस फ्रेडरिक आंद्रे हेनरिक क्रिश्चियन और क्राउन प्रिंसेस मैरी एलिजाबेथ चार दिवसीय यात्रा पर भारत पहुंचे। वह 26 फरवरी से 2 मार्च तक भारत में रहेंगे। इसकी जानकारी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने दी। उन्होंने बताया, दो दशकों में डेनमार्क के शाही जोड़े की यह पहली भारत यात्रा है।

अरिंदम बागची की ओर से किए गए ट्वीट में कहा गया, द रॉयल हाइनेस क्राउन प्रिंस फ्रेडरिक और डेनमार्क की क्राउन प्रिंसेस मैरी चार दिवसीय यात्रा के लिए भारत पहुंचे। यह दो दशकों में डेनमार्क से पहली शाही यात्रा है। यह दोनों देशों के बीच घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत और करेगा।

राष्ट्रपति मुर्मू और उपराष्ट्रपति से होगी मुलाकात:-
कार्यक्रम के अनुसार, डेनमार्क के क्राउन प्रिंस फ्रेडरिक आंद्रे हेनरिक क्रिश्चियन उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के साथ बैठक करेंगे। वह सीआईआई द्वारा आयोजित इंडिया-डेनमार्क: पार्टनर्स फॉर ग्रीन एंड सस्टेनेबल प्रोग्रेस के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मिलेंगे। इसके बाद यह शाही जोड़ा आगरा जाएगा और फिर चेन्‍नई के लिए प्रस्‍थान करेगा। डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोके रासमुसेन व अन्य अधिकारी भी भारत पहुंचे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *