Keralam: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज केरल और तमिलनाडु के दौरे पर रहेंगे, जहां वे कुल 16,450 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। केरल के एर्नाकुलम में प्रधानमंत्री करीब 10,800 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसमें कोच्चि रिफाइनरी में एक नई इकाई की आधारशिला रखी जाएगी, जिससे प्लास्टिक और मेडिकल उपकरण बनाने के लिए कच्चा माल मिलेगा और आयात पर निर्भरता कम होगी। साथ ही, मुंबई-कन्याकुमारी कॉरिडोर के तहत नई सड़कों और कोझिकोड बाईपास का उद्घाटन किया जाएगा, जिससे घंटों का सफर मिनटों में सिमट जाएगा।
एर्नाकुलम में 10,800 करोड़ के प्रोजेक्ट
दौरे की शुरुआत केरल के एर्नाकुलम से होगी, जहां प्रधानमंत्री करीब 10,800 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. सबसे बड़ी परियोजना भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) की कोच्चि रिफाइनरी में बनने वाली पॉलीप्रोपाइलीन यूनिट है. करीब 5,500 करोड़ की लागत वाली इस यूनिट से प्लास्टिक, ऑटोमोबाइल और मेडिकल उपकरण उद्योग को कच्चा माल मिलेगा. सरकार का दावा है कि इससे देश की आयात निर्भरता घटेगी और क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे.
राष्ट्रीय राजमार्ग 66 के थालापडी-चेंगला सेक्शन परियोजना
सड़क ढांचे को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग 66 के थालापडी-चेंगला सेक्शन को छह लेन बनाने वाली करीब 2,650 करोड़ की परियोजना भी शुरू होगी. यह हिस्सा मुंबई-कन्याकुमारी आर्थिक कॉरिडोर का हिस्सा है और इससे कासरगोड तथा कन्नूर जिलों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है.
कोझिकोड बाइपास का उद्घाटन
इसके अलावा कोझिकोड बाइपास के वेंगलम से रामनट्टुकारा तक छह लेन वाले हिस्से का उद्घाटन होगा. करीब 2,140 करोड़ की लागत से बने इस प्रोजेक्ट से इस रूट पर सफर का समय एक घंटे से घटकर 15-20 मिनट रहने का अनुमान है.
201 CNG स्टेशन स्थापित करने की योजना
पेट्रोलियम क्षेत्र में भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड की सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन परियोजना की आधारशिला रखी जाएगी. करीब 3,680 करोड़ की इस परियोजना के तहत नीलगिरि और इरोड जिलों के 8.8 लाख घरों तक पाइप्ड नेचुरल गैस पहुंचाने और 201 CNG स्टेशन स्थापित करने की योजना है.
ल्यूब ब्लेंडिंग प्लांट की शुरुआत
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के चेन्नई के मणाली इलाके में बने 672 हजार टन क्षमता वाले ल्यूब ब्लेंडिंग प्लांट को राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा. करीब 1,490 करोड़ की लागत से बने इस प्लांट से देश में लुब्रिकेंट उत्पादन क्षमता बढ़ेगी. ग्रामीण कनेक्टिविटी के तहत 370 किलोमीटर लंबी 89 ग्रामीण सड़कों का उद्घाटन भी किया जाएगा. वहीं NH-81 पर गंगईकोंडा चोलापुरम के पास एक ग्रीनफील्ड बाइपास का शिलान्यास भी प्रस्तावित है. रेलवे क्षेत्र में प्रधानमंत्री दो अमृत भारत एक्सप्रेस, दो एक्सप्रेस ट्रेन और एक पैसेंजर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. इन सेवाओं से तमिलनाडु की कनेक्टिविटी तेलंगाना, कर्नाटक, केरल और पूर्वी भारत से और मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है.
इसे भी पढ़ें:-50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, गंभीर धाराओं में दर्ज है मुकदमे