Sports: झारखंड क्रिकेट के उभरते सितारे शिखर मोहन ने घरेलू क्रिकेट में रनों का अंबार लगाकर भारतीय क्रिकेट टीम की दहलीज पर दस्तक दे दी है, अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और लगातार शानदार प्रदर्शन से पहचान बनाने वाले शिखर मोहन का चयन न्यूजीलैंड दौरे 2026 के लिए इंडिया ए टीम में हुआ है। उनके इस चयन से झारखंड क्रिकेट संघ और पूरे राज्य के खेल प्रेमियों में काफी खुशी का माहौल है। मोहन आखिरी के दो मैचों के लिए इंडिया ए टीम के साथ जुड़ेंगे। यह दौरा उसी समय चलेगा जब सीनियर भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ व्हाइट-बॉल की सीरीज खेल रही होगी।
डोमेस्टिक क्रिकेट में शिखर मोहन का रहा है शानदार प्रदर्शन
शिखर मोहन का प्रदर्शन रणजी ट्रॉफी 2025-26 में शानदार रहा था। पिछले सीजन में उन्होंने 12 पारियों में एक दोहरे शतक के साथ कुल 613 रन बनाए थे। इसके बाद उन्होंने इस सीजन की शुरुआत भी बहुत शानदार तरीके से की है। मोहन ने जारी रणजी सीजन के शुरुआती दो मैचों में 99 की औसत से 297 रन बनाए हैं। इस सीजन में उन्होंने केरल के खिलाफ शानदार 143 रन बनाए थे। इसके बाद उन्होंने महाराष्ट्र के खिलाफ 27 और 127 रनों की पारी खेली थी।