बिहार में सुबह-सुबह हिली धरती! पटना समेत कई जिलों में महसूस हुए भूकंप के झटके, 5.4 रही तीव्रता

Bihar: बिहार के कई जिलों में आज (मंगलवार) सुबह-सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए. सुबह करीब 7 बजकर 2 मिनट पर आई इस भूकंप की तीव्रता 5.4 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई. भूकंप का केंद्र नेपाल के लेलेप क्षेत्र में था और इसकी गहराई 10 किलोमीटर बताई गई है.

राजधानी पटना के अलावा सीवान, शिवहर, अररिया, बांका, बेगूसराय, दरभंगा, सुपौल, मधुबनी और भागलपुर में भी लोगों ने धरती हिलती महसूस की. सुबह का समय होने के कारण ज्यादातर लोग नींद में थे, इसलिए कई लोगों को झटके का एहसास नहीं हुआ. जो लोग जाग रहे थे, वे घबराकर घरों से बाहर निकल आए.

इस भूकंप का असर सिर्फ बिहार तक सीमित नहीं रहा. पड़ोसी राज्य झारखंड के कुछ हिस्सों में भी कंपन महसूस किया गया. इसके अलावा भूटान और बांग्लादेश के कई इलाकों में भी लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए.

भूकंप की तीव्रता कम थी और इसका केंद्र बिहार में नहीं था, इसलिए अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है. हालांकि अधिकारी स्थिति का आकलन कर रहे हैं ताकि प्रभावित इलाकों में किसी नुकसान का पता लगाया जा सके.

इसे भी पढ़ें:-यूपी में जज बनने का सुनहरा मौका, UPPSC ने निकाली PCS-J की भर्ती, जानिए आयु, फीस और लास्ट डेट