PM e-Vidya: शिक्षा का उद्देश्य सिर्फ पाठ्यपुस्तकों के माध्यम से ज्ञान पहुंचाना नहीं है, बल्कि सीखने के नए अवसर देना, शिक्षण को रोचक और गतिविधि आधारित बनाना भी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को तकनीक से जोड़ने और डिजिटल माध्यमों से विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक सामग्री पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं. इसी दिशा में पीएम ई-विद्या के पांच शैक्षिक चैनलों के माध्यम से बालवाटिका से लेकर कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों के लिए कक्षावार एवं विषयवार कार्यक्रमों का प्रसारण किया जा रहा है.
क्या है योगी सरकार की पहल?
योगी सरकार की डिजिटल शिक्षा संबंधी पहल का उद्देश्य तकनीक को शिक्षण प्रक्रिया का उपयोगी सहयोगी बनाते हुए सीखने के अवसरों का विस्तार करना है. ई-विद्या के माध्यम से कक्षावार और विषयवार शैक्षिक कार्यक्रमों का प्रसारण इसी दिशा में एक प्रयास है. विद्यार्थियों को अब पाठ्यपुस्तकों के साथ दृश्य-श्रव्य माध्यम से भी ज्ञान अर्जित करने का अवसर मिल रहा है. इतना ही नहीं, विद्यार्थियों को नियमित कक्षा शिक्षण के साथ अतिरिक्त डिजिटल शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने और अपनी सुविधा के अनुसार पाठों को समझने तथा दोहराने का अवसर भी मिल रहा है.
पांच चैनलों पर कक्षावार शैक्षिक कार्यक्रम
संयुक्त निदेशक (एसएसए) डॉ. पवन सचान ने बताया कि राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), उत्तर प्रदेश के माध्यम से संचालित इन पांच चैनलों को अलग-अलग कक्षा समूहों के अनुरूप व्यवस्थित किया गया है.
कहानियों और गतिविधियों से मजबूत हो रही बुनियाद
एससीईआरटी के निदेशक गणेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए तैयार कार्यक्रमों में भाषा और गणित की बुनियादी समझ विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया गया है.चैनल 173 पर प्री-प्राइमरी के बच्चों के लिए अपने शब्दों में कहना, संख्या की पूर्व अवधारणा और अक्षर जोड़कर शब्द बनाना जैसे विषय शामिल हैं. कक्षा 1 और 2 के विद्यार्थियों के लिए गिनना, छोटी-बड़ी संख्याओं की पहचान, आकृतियों एवं रंगों की समझ, अक्षरगीत और कहानी आधारित कार्यक्रम प्रसारित किए जा रहे हैं. वहीं चैनल 174 पर कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए हिंदी, अंग्रेजी, गणित और पर्यावरण अध्ययन से जुड़ी सामग्री उपलब्ध है. ‘द बिग लड्डू’, ‘बादल और मोती’, ‘टॉकिंग टॉयज’, ‘हिडन ट्रेजर’, ‘वाराणसी की यात्रा’, ‘आम का पेड़’ और ‘लाल बहादुर शास्त्री’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से विषयों को कहानी, संवाद और उदाहरणों के जरिए समझाया जा रहा है.
माध्यमिक और उच्च माध्यमिक कक्षाओं के लिए विषयवार सामग्री
कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए चैनल 175 पर हिंदी, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान और गणित के कार्यक्रम प्रसारित होते हैं. कक्षा 9 और 10 के विद्यार्थियों के लिए चैनल 176 पर हिंदी, अंग्रेजी और गणित की सामग्री उपलब्ध कराई जाती है.वहीं उच्च माध्यमिक स्तर पर चैनल 177 के माध्यम से कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों को रसायन विज्ञान, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र और अंग्रेजी जैसे विषयों की शिक्षण सामग्री उपलब्ध होती है. कार्यक्रमों में कक्षा 12 के लिए ‘ठोस अवस्था’, ‘राष्ट्र-निर्माण की चुनौतियां’ और ‘संरचनात्मक परिवर्तन’ जैसे विषय शामिल हैं.कक्षा 11 के विद्यार्थियों के लिए ‘राजनीतिक सिद्धांत-एक परिचय’, ‘संविधान-क्यों और कैसे’ तथा अंग्रेजी का पाठ ‘द टेल ऑफ मेलॉन सिटी’ प्रसारित किया जाता है.
इसे भी पढ़ें:-आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, पिकनिक से लौट रही स्कूली बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 4 बच्चों की मौत, 35 घायल