जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में भीषण आग, कई घर और गौशालाएं जलकर राख

Jammu and Kashmir: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के दूरदराज वारवान इलाके के मुंगली गांव में बुधवार आधी रात के बाद भीषण आग लगने से आठ मकान और कई गौशालाएं जलकर राख हो गईं। हादसे में कुछ मवेशियों की भी मौत हो गई। 

बता दें कि आग आधी रात के कुछ समय बाद एक मकान में लगी और देखते ही देखते आसपास के घरों तक फैल गई। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की। आग को आगे फैलने से रोकने के लिए प्रभावित मकानों के कुछ हिस्सों को गिराने और फायरब्रेक बनाने के लिए अर्थ मूवर्स की मदद भी ली गई।

जानकारी के अनुसार वारवान क्षेत्र में अग्निशमन केंद्र नहीं होने के कारण दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के कोकरनाग से दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। काफी मशक्कत के बाद सुबह करीब चार बजे आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, कुछ स्थानों पर आग सुलगती रहने के कारण प्रभावित इलाके की निगरानी जारी रही।

बता दें कि आग में मारे गए मवेशियों की सही संख्या का अभी पता नहीं चल पाया है। रात के समय विस्तृत आकलन करना संभव नहीं हो सका। आग लगने के कारणों का भी फिलहाल पता नहीं चला है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *