Maharashtra: महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में एक तेज रफ्तार ट्रक और कार की टक्कर में तीन साल के बच्चे समेत छह लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। बताया गया कि पीड़ित मध्य प्रदेश के मजदूर थे।
पुलिस के मुताबिक मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले की किरनापुर और लांजी तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों से मजदूर अपने परिवार सहित मजदूरी के काम के सिलसिले में चारपहिया वाहन बोलेरो में सवार होकर तेलंगाना ( हैदराबाद ) के लिए निकले थे। रात करीब 11:30 बजे जैसे ही उनकी गाड़ी गोंदिया शहर से करीब 5 किलोमीटर दूर नागरा के समीप पहुंची, विपरीत दिशा (बालाघाट से गोंदिया मार्ग) से बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे ट्रक ने बोलेरो को सीधी टक्कर मार दी।
बता दें कि हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो पूरी तरह चकनाचूर हो गई थी और कई शव व घायल गाड़ी के मलबे में बुरी तरह फंस गए थे। सूचना मिलते ही गोंदिया ग्रामीण पुलिस का दल फौरन मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आनन-फानन में घायलों और शवों को निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया।
जहां चिकित्सकों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। शवों को गैस कटर से निकाला गया, मृतकों की पहचान किरण संतोष वैद्य, संतोष मात्रे, सुशीला मात्रे, रूपसेन तेजलाल सत्याकर, ज्योति रूपसेन सत्याकर और तीन साल के आरुष मात्रे के रूप में हुई है।