Jammu and Kashmir: उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों ने दो आतंकी ठिकाने ध्वस्त कर हिजबुल मुजाहिदीन के पांच आतंकी मददगारों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए। यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर पुलिस और 17 जैक राइफल्स ने संयुक्त ऑपरेशन में किया।
पुलिस ने बताया कि जानकारी मिली थी कि हिजबुल मुजाहिदीन का एक आतंकी मॉड्यूल क्रालपोरा इलाके में सक्रिय है। यह आतंकियों को सुरक्षित आश्रय और रसद प्रदान कर रहा है। इस सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने तीन आतंकी मददगारों को गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार आतंकी की तलाशी में उसके पास से पिस्तौल, दो मैगजीन और 16 कारतूस मिले।
बता दें कि इनकी पहचान दर्दसुन क्रालपोरा के अब्दुल रऊफ मलिक, अलताफ अहमद पेयर और रियाज अहमद लोन के तौर पर हुई है। पूछताछ में तीनों ने बताया कि वे पाकिस्तान में बैठे आतंकवादी हैंडलर फारूक अहमद पीर उर्फ नदीम उस्मानी के इशारे पर काम कर रहे थे। उस्मानी ककरूसा कुपवाड़ा का रहने वाला है।