तेज रफ्तार कंटेनर ने बस को मारी टक्कर, अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े यात्रियों को कुचला, 6 की मौत, कई घायल

UP News: उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. सुरीर थाना क्षेत्र के माइल स्टोन 88 के पास एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कंटेनर ने बस से उतरकर खड़े यात्रियों को रौंद दिया. इस भयावह घटना में एक अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई.

कैसे हुई घटना

यह घटना शनिवार तड़के करीब 2:45 बजे घटी. दिल्ली से कानपुर की ओर जा रही एक बस के कुछ यात्री लघुशंका के लिए एक्सप्रेस-वे पर उतरे थे. हालांकि, बस चालक ने यात्रियों को सुरक्षित ‘ग्रीन जोन’ में न रोककर सड़क के किनारे ही बस खड़ी कर दी. इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले तो बस को जोरदार टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े यात्रियों को कुचलते हुए आगे बढ़ गया.

छह यात्रियों की मौत

इस भीषण हादसे में औरैया के सरवा कटरा निवासी सोनू, बस्ती के अलेवल निवासी देवेश, कन्नौज के गणेश,कापुरवा निवासी असलम, दिल्ली के प्रेम नगर निवासी संतोष सहित दो अन्य यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई अन्य दो मृतक यात्रियों की पहचान अभी नहीं हो सकी है. हादसे में औरैया के बेला निवासी अमर दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. कोतवाली प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायल का इलाज जारी है. हादसे के समय कोहरा नहीं था, प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और गलत स्थान पर बस रोकना हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है.

इस घटना को संज्ञान में लिए सीएम योगी

सीएम योगी ने मथुरा जिले में हुए भीषण सड़क हादसे का तत्काल संज्ञान लिया है. उन्होंने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत यात्रियों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई है. सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने और राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि घायलों को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा सुविधा मिले और उनकी देखरेख में कोई कोताही न बरती जाए.

इसे भी पढ़ें:-पथरी की समस्या से है परेशान, जानें कैसे करें बचाव?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *