‘रामराज्य मतलब कोई भेदभाव-तुष्टिकरण नहीं’, हर वर्ग को सुरक्षा-सम्मान, बीसलपुर में बोले सीएम योगी

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को पीलीभीत के बीसलपुर में रामकथा के समापन पर कहा कि रामराज्य सिर्फ धार्मिक बात नहीं है. रामराज्य का मतलब है जहां किसी के साथ भेदभाव न हो, कोई तुष्टिकरण न हो. किसान, नौजवान, व्यापारी, बेटियों सबको सुरक्षा, सम्मान और आगे बढ़ने का मौका मिले.सीएम योगी ग्राम नूरानपुर स्थित गोरक्ष पीठ आश्रम के शिव मंदिर परिसर में रामकथा में पहुंचे थे. उन्होंने व्यासपीठ पर संत अंजलि शरण का स्वागत किया और कहा कि गांव में इतने संतों का आना किसी महाकुंभ से कम नहीं है.

500 साल के संघर्ष के बाद आज अयोध्या में लाखों दर्शन कर रहे

सीएम ने कहा कि राम मंदिर के लिए 500 साल संघर्ष चला. एक वक्त था जब रामभक्तों को अयोध्या जाने से रोका जाता था. 2 नवंबर को गोलियां चलाई गईं थीं. तब अयोध्या में सड़कें टूटी थीं, सुविधाएं नहीं थीं. आज अयोध्या सड़क, रेल, हवाई मार्ग से जुड़ी है, इंटरनेशनल एयरपोर्ट है. रोज लाखों लोग रामलला के दर्शन कर रहे हैं.उन्होंने कहा 6 नवंबर को छोटी दीपावली पर अयोध्या में दीपोत्सव होगा, एक-एक दीया पूरे यूपी की सांस्कृतिक चेतना को रोशन करेगा.

रामलीला हमारी पहचान

सीएम ने कहा कि फसल कटने के बाद गांव-गांव रामलीला और अखंड रामायण पाठ हमारी संस्कृति है. वाल्मीकि जी ने राम के चरित्र से हमें मर्यादा और कर्तव्य सिखाया.

काशी से बरेली तक विकास- सीएम योगी

सीएम योगी ने कहा पहले काशी में 10 लोगों का दर्शन करना भी मुश्किल था, आज हजारों एक साथ दर्शन कर रहे हैं. मथुरा-वृंदावन, बरेली नाथ नगरी, लखीमपुर कॉरिडोर का विकास हो रहा है. ये सिर्फ टूरिज्म नहीं, विरासत बचाने का काम है.

महंत शांतिनाथ को किया याद

सीएम ने ब्रह्मलीन महंत शांतिनाथ महाराज को याद करते हुए कहा कि वो 1995-96 से यहां थे, फक्कड़ स्वभाव के थे. बरेली दौरे पर भी उन्होंने इस आयोजन की चर्चा की थी. फोन पर तैयारियों की जानकारी लेते रहते थे. आज यहां की स्वच्छता और संतों का जमावड़ा देखकर उनकी आत्मा को शांति मिल रही होगी.कार्यक्रम में मंत्री संजय गंगवार, एमएलसी सुधीर गुप्ता, विधायक बाबूराम पासवान, विवेक वर्मा समेत हजारों साधु-संत मौजूद रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *