आग का गोला बना मकान, फटे दो सिलिंडर, मां और दो बेटियों की मौत

Uttar Pradesh: यूपी के शामली से दुखद और दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां  बाबरी के गांव कैड़ी में बुधवार की देर रात एक मकान में आग लगने के बाद दो गैस सिलिंडरों में तेज धमाका हो गया। इस हादसे में मां और दो बेटियों सहित तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे में इन लोगों की हुई मौत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, साजिद के मकान में देर रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। इस दौरान दो गैस सिलिंडर भी तेज धमाकों के साथ फट गए। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। आग की जद में आने से साजिद की पत्नी साइदा, उनकी दो बेटियों, अदन और मायरा की मौत हो गई।

मौके पर पहुंची जिलाधिकारी और एसपी

जिलाधिकारी प्रवीण वर्मा, एसपी एनपी सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और जानकारी ली। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी ने बताया कि साजिद मजदूरी करते हैं और रात में कहीं बाहर गए थे। जिस कमरे में सिलिंडर फटे, उसमें मां और दो बेटियां थीं, जिनकी मौत हो गई।

एक बेटा व एक बेटी दूसरे कमरे में थे, जिन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया। मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया। आग किन वजहों से लगी, इसकी जांच की जा रही। उधर, इस घटना से घर में कोहराम मच गया। गांववासी शोक में डूब गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *