Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। एटा हाईवे पर गांव उमरावपुर के पास रविवार तड़के तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में ढाई वर्ष का बच्चा भी शामिल है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल हाथरस की मोर्चरी भेज दिया है।
यह घटना सिकंदरा राव से 6 किलोमीटर आगे गांव उमरावपुर के पास लगभग 2:30 बजे हुई। कार इंडिकेटर बोर्ड को तोड़ती हुई पुलिया की साइड में जा पलटी। कार में बच्चा समेत कुल सात लोग सवार थे। मृतकों में कार चालक राम जी पुत्र संजय पाल उर्फ पप्पू, अवधेश पुत्र नामालूम और जगतपाल पुत्र पुत्तीलाल शामिल हैं।