Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले की यूट्यूबर छवि वार्ष्णेय और उनकी मां की मध्य प्रदेश में एक सड़क हादसे में मौत हो गई। सोमवार देर रात छवि परिवार के साथ उज्जैन महाकाल के दर्शन के लिए कार से निकली थीं. आगे चल रहे ट्रक में उनकी कार जा घुसी. हादसा इतना जबरदस्त था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में कुल 5 लोग सवार थे. इनमें मां-बेटी ने मौके पर दम तोड़ दिए, जबकि पिता, समधी और ड्राइवर की हालत गंभीर है।
जानकारी के मुताबिक यह हादसा रामाखेड़ी गांव के पास हुआ। कार में छवि के अलावा उनके पिता श्यामलाल, मां सारिका, समधी सूरजपाल और चालक सचिन सवार थे। टक्कर के बाद छवि और उनकी मां ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं श्यामलाल, सूरजपाल और चालक सचिन गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को पहले बड़ौद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें आगर जिला अस्पताल रेफर किया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मां-बेटी के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस हादसे की वजह की जांच कर रही है।