सीएम योगी ने ‘जनता दर्शन’ में सुनी लोगों की समस्याएं, कहा- पीड़ितों की संतुष्टि सरकार की प्राथमिकता

Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। प्रार्थना पत्रों का अवलोकन करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में वैमनस्यता फैलाने वाले लोग छोटी-छोटी घटनाओं को बड़ा बनाना चाहते हैं। ऐसे में जिलों के अधिकारी हर छोटी से छोटी घटना पर नजर रखें और पीड़ितों की शिकायतों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करें।

सीएम योगी ने जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया कि वे घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ितों की सुनवाई करें और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मामलों का निस्तारण कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि छोटी घटनाओं में भी उदासीनता और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हर पीड़ित से मिले सीएम, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी कुर्सियों पर बैठे प्रत्येक पीड़ित के पास पहुंचे और उनकी समस्याएं व शिकायतें सुनीं। प्रशासन, पुलिस, राजस्व और विद्युत समेत विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों के प्रार्थना पत्र लेते हुए उन्होंने कहा कि सरकार साढ़े 9 वर्ष से बिना भेदभाव हर पीड़ित की समस्या का उचित समाधान करा रही है। सीएम योगी ने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ जनशिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए, मरीजों के इलाज की व्यवस्था की जाए और भूमाफिया तथा दबंगों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए।

पुलिस से जुड़ी शिकायतों पर सीएम योगी सख्त

जनता दर्शन में सीएम योगी के सामने पुलिस और राजस्व विभाग से संबंधित शिकायतें अधिक आईं। इस पर उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस कमिश्नर, एडीजी, आईजी, डीआईजी और एसएसपी स्तर के अधिकारियों को नियमित रूप से जनपदों में जनसमस्याओं का निस्तारण कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी मातहत अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही की शिकायत मिलती है, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। उन्होंने राजस्व और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *