यमुना एक्सप्रेसवे पर आग का गोला बनी स्लीपर बस, 9 यात्रियों की मौत

Uttar Pradesh: ग्रेटर नोएडा से भीषण हादसा। यहां बुधवार की देर रात यमुना एक्सप्रेस-वे पर एयरपोर्ट इंटरचेंज के पास 35 किमी माइलस्टोन पर डबल डेकर स्लीपर बस आग का गोला बन गई। इस हादसे में नौ यात्रियों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल बताए जा रहे हैं।

आग की सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और यमुना एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। बस पूरी तरह आग की लपटों में घिरी थी और अंदर से लगातार धुआं निकल रहा था। आग पर काबू पाने के बाद भी बस और उसमें रखा सामान घंटों सुलगता रहा। सुरक्षा टीमों ने बस की अलग-अलग जगहों की बॉडी काटकर अंदर फंसे शवों को बाहर निकाला। सभी शव और मिले अंग कैलाश अस्पताल भेजे गए।

20 मिनट तक रोका गया यातायात

बता दें कि आग की विकरालता को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से जेवर टोल और एयरपोर्ट इंटरचेंज पर करीब 30 मिनट तक यातायात रोक दिया गया। इस दौरान दो कारें आपस में टकरा गईं। आग बुझने और रेस्क्यू कार्य पूरा होने के बाद एक्सप्रेस-वे पर यातायात सुचारू कराया गया। आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे आला-अधिकारी

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की निगरानी में राहत और बचाव कार्य कराया गया। उपजिलाधिकारी जेवर ने सुरक्षित बचे यात्रियों को जेवर टोल पर प्राथमिक उपचार दिलाया। इसके बाद प्रशासन ने यात्रियों को टेंपो ट्रेवलर से उनके गंतव्य के लिए रवाना कराया।

टिकट बुकिंग से परिजनों तक पहुंचेगा प्रशासन

जानकारी के मुताबिक हादसे में मारे गए यात्रियों के शव इस कदर जल चुके थे कि मौके पर उनकी पहचान संभव नहीं हो पा रही है। पुलिस बस की टिकट बुकिंग की डिटेल के आधार पर यात्रियों के परिजनों से संपर्क करने में जुटी हैं। परिजनों के डीएनए नमूने लेकर शवों से मिलान कराया जाएगा। इसके बाद ही मृतकों की पहचान की पुष्टि हो सकेगी।

20 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया

बता दें कि रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान 20 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बस के अंदर नौ व्यक्ति मृत अवस्था में मिले। प्रारंभिक जांच में बस के एसी में स्पार्क/ब्लास्ट होने के बाद इंजन लुब्रिकेंट ऑयल में आग लगने और आग तेजी से फैलने की बात सामने आई है। बताया गया है कि राज कल्पना ट्रेवल्स की बस दिल्ली से मोहबा जा रही थी।

सीएम योगी ने हादसे पर जताया दुख

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुए हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने (X) पर पोस्ट डालकर लिखा कि एक बस में दुर्भाग्यपूर्ण अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *