मुजफ्फरनगर में तेज रफ्तार डंपर ने स्कॉर्पियो को मारी टक्कर, 4 लोगों की मौत, 3 घायल

Uttar Pradesh: मुजफ्फरनगर में एक भीषण सड़क हादसा हुआ। पुरकाजी थाना क्षेत्र में लक्सर रोड पर तेज रफ्तार डंपर ने स्कॉर्पियो को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में सवार लोग बुरी तरह फंस गए। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हाइड्रा की मदद से स्कॉर्पियो में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार हादसा सोमवार रात करीब 10:15 बजे हुआ। लक्सर की ओर से आ रही स्कॉर्पियो एन कार संख्या UK 16 G 0005 को सामने से आ रहे डंपर UK 17 CA 8485 ने साइड से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान 2 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

सात लोग थे सवार

बता दें कि हादसे के समय स्कॉर्पियो में कुल सात लोग मौजूद थे। इनमें करीब 50 साल के चालक आदेश कुमार और करीब 35 वर्षीय निशा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं राखी (48), गोनी (11), कुसुम (70), रूबी (48) और वैष्णवी (7) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान निशा और गोनी की भी मौत हो गई। इसके बाद हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई। तीन घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, एसपी सिटी अमृत जैन, एसपी ट्रैफिक अतुल कुमार चौबे, क्षेत्राधिकारी सदर सुनील कुमार समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव अभियान की जानकारी ली। उन्होंने घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। पुलिस ने डंपर और उसके चालक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने मृतकों और घायलों के परिवारों को हादसे की सूचना दे दी है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार फिलहाल इलाके में कानून-व्यवस्था सामान्य है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *