UK Board Result 2025: उत्तराखंड बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम आज घोषित किया गया जिसमें ऋषिकेश के आयुष रावत ने तीसरा स्थान हासिल कर अपने शहरवासियों को गर्व महसूस कराया है। इससे पहले भी आयुष ने हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा में आयुष प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहे थे। आयुष ने सफलता का मूल मंत्र सोशल मीडिया से दूर रह कर पुस्तक का अध्ययन करना बताया।
आयुष की मित्र है पुस्तकें
सरस्वती विद्या मंदिर आवास-विकास ऋषिकेश के छात्र आयुष ने बताया कि उन्हें पुस्तक पढना बेहद पसंद है। उनके जीवन में पुस्तकों का स्थान मित्र समान है। बताया कि वह बेहद सामान्य परिवार से हैं। माता अनीता रावत गृहिणी हैं व पिता बालम सिंह रावत उत्तराखंड रोडवेज के ऋषिकेश डिपो में चालक पद पर हैं। उनकी दो बड़ी बहनें हैं।उनका कहना है कि वह बचपन से माता-पिता का नाम रोशन करना चाहते थे। आयुष ने बताया कि उनका लक्ष्य इंजीनियर बनना है। माता-पिता व गुरुजन उनके प्रेरणास्रोत हैं।
सोशल मीडिया का जमकर प्रयोग कर रहे छात्र
आयुष की ऐतिहासिक उपलब्धि पर उत्तराखंड परिवहन निगम के ऋषिकेश डिपो के सहायक महाप्रबंधक प्रतीक जैन ने आयुष व उनके माता-पिता को बधाई दी।आयुष के राज्य मे तीसरे स्थान पर आने से ऋषिकेश डिपो के कर्मियों में भी खुशी की लहर है। आयुष ने अपनी सफलता का मंत्र बताते हूए कहा कि आज छोटी कक्षा से ही छात्र सोशल मीडिया का जमकर प्रयोग कर रहे हैं,लेकिन उन्होने ऐसा नही किया। उन्होने सोशल मीडिया से दूर रह कर अपना अधिकांश समय पुस्तको के अध्ययन में बिताया।