<meta property="og:keywords" content="2ND PHASE VOTING,">

Bengal Election: बंगाल में 9 बजे तक 18.39% मतदान, पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की लगी लंबी कतारें

West Bengal Election: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे और आखिरी चरण के लिए आज वोटिंग हो रही है. 294 सदस्यीय विधानसभा में से आज शेष बचे 142 सीटों पर वोटिंग हो रही है. बता दें कि आज जिन हाई-प्रोफाइल सीटों पर वोटिंग हो रही है. सुबह से ही पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी हैं. शुरुआती दो घंटे में 18 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया है.

सुबह 9 बजे तक 18.39 प्रतिशत मतदान हुआ

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, दूसरे चरण में सुबह 9 बजे तक 18.39 प्रतिशत मतदान हुआ है. पूर्व बर्धमान जिले में सबसे अधिक 20.86 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है, जबकि हुगली में 20.16 प्रतिशत मतदान हुआ है. नादिया में 18.50 प्रतिशत मतदान हुआ और उत्तर 24 परगना में 17.81 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. हावड़ा में 17.76 प्रतिशत, कोलकाता उत्तर में 17.28 प्रतिशत और कोलकाता दक्षिण में 16.81 प्रतिशत वोट पड़े हैं. इसी दौरान, दक्षिण 24 परगना में 17.25 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है.

कुल 1,448 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं

142 विधानसभा सीटों के लिए कुल 1,448 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं. पुरुष उम्मीदवारों की संख्या 1,228 है, जबकि महिला उम्मीदवारों की संख्या 220 है. दक्षिण 24 परगना जिले के भांगर में सबसे ज्यादा 15 उम्मीदवार हैं, जबकि हुगली जिले में सबसे कम 5 उम्मीदवार हैं.

पंजीकृत मतदाताओं की कुल संख्या 32,173,837 है

भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के रिकॉर्ड के अनुसार, दूसरे चरण में पंजीकृत मतदाताओं की कुल संख्या 32,173,837 है. यह इन सभी विधानसभा सीटों की कुल आबादी 50,013,786 का लगभग 64 प्रतिशत है. 32,173,837 पंजीकृत मतदाताओं में से 16,435,627 पुरुष मतदाता, 15,737,418 महिला मतदाता और 792 थर्ड जेंडर मतदाता हैं.

PM ने की जनता से अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर जनता से अपील की है कि वे अधिक से अधिक मतदान करें. उन्होंने लिखा कि “पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 का दूसरा और अंतिम चरण है. राज्य की शेष 142 सीटों पर मतदान हो रहा है. मैं सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें और हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूत तथा सहभागी बनाएं. विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं से आग्रह है कि वे बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचें और अपने मताधिकार का प्रयोग करें.”

सुरक्षा सख्त

दूसरे चरण के मतदान के लिए बंगाल चुनाव आयोग ने सुरक्षा के सख्त प्रबंध किए हैं. दूसरे चरण के चुनाव के लिए 41,001 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं. सभी मतदान केंद्रों की गतिविधियों का वेबकास्टिंग के माध्यम से प्रसारण किया जाएगा. निर्वाचन आयोग ने दूसरे चरण के चुनाव के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है और सात जिलों में केंद्रीय बलों की 2,321 कंपनियों को तैनात किया है. कुल 142 सामान्य पर्यवेक्षक, 95 पुलिस पर्यवेक्षक और 100 व्यय पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं. अधिकारियों ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए कैमरों से लैस ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जाएगा. कोलकाता में केंद्रीय बलों की 273 कंपनियों के साथ सबसे अधिक तैनाती है.

इसे भी पढ़ें:-Aaj Ka Rashifal: आज इन राशि वालों को मिलेगा भाग्य का साथ, पूरे होंगे अधूरे काम, पढें दैनिक राशिफल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *