गप्पू लाल लाइब्रेरी में बनेगा नगर निगम का जोनल कार्यालय

गोरखपुर। लाल डिग्गी पार्क स्थित गप्पू लाल लाइब्रेरी और राप्ती नगर के सुभाष चंद्र बोस नगर स्थित सामुदायिक भवन में नगर निगम का जोनल कार्यालय बनेगा। इसके अलावा अन्य तीन जोनों में भी जल्द ही जोनल कार्यालय के लिए जगह की तलाश पूरी कर ली जाएगी। नगर निगम के किसी भवन के नहीं मिलने पर नगर निगम अस्थायी तौर पर किसी किराए के मकान में जोनल कार्यालय खोलेगा। सभी जोनल कार्यालय खुल जाने के बाद इस बात की संभावना है कि मुख्यमंत्री इन कार्यालयों का लोकार्पण करें। शहरवासियों की सहूलियत के लिए नगर निगम शहर को पांच जोन में बांटकर सभी जोन में एक-एक जोनल कार्यालय बनाने जा रहा है। ताकि जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, नगर निगम के टैक्स आदि जमा करने के लिए लोगों को बीच शहर में न आना पड़े। यह काम उनके पास के जोनल कार्यालय में ही आसानी से हो जाए। इसी क्रम में शनिवार को नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ लाल डिगी पार्क स्थित गप्पू लाल लाइब्रेरी और सुभाष चंद्र बोस नगर स्थित सामुदायिक भवन में प्रस्तावित जोनल कार्यालय के लिए जगह का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के चीफ इंजीनियर सुरेश चंद, उप नगर आयुक्त संजय शुक्ला, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी, बृजेश तिवारी, अवर अभियंता नर्वदेश्वर पांडेय, बृजेश तिवारी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *