ठाकुर द्वारिकाधीश मंदिर में मंगला आरती के दर्शन कर सकेंगे श्रद्धालु

आगरा। लगभग तीन माह के बाद बृहस्पतिवार से पुष्टिमार्गीय संप्रदाय के ठाकुर द्वारिकाधीश मंदिर में भक्तों के लिए मंगला आरती के दर्शन खुल जाएंगे। यह निर्णय मंदिर प्रबंध कमेटी ने लिया है। मंदिर के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि उत्तरप्रदेश सरकार द्वारा लॉकडाउन की अवधि रात 10 से प्रात: 6 बजे तक किए जाने पर अब भक्तों के लिए मंगला के दर्शन का निर्णय लिया गया है। वर्तमान में मंदिर में प्रतिदिन प्रात:काल 6:30 पर मंगला के दर्शन खुलेंगे और 7 बजे मंगला के दर्शन बंद होंगे। प्रात: 8:20 बजे पर श्रृंगार और ग्वाल के दर्शन खुलेंगे, जो 8:45 पर बंद होंगे। इसी प्रकार राजभोग के दर्शन प्रात:काल 10:15 पर खुलेंगे और 11 बजे बंद होंगे। सायंकाल 4:40 पर भोग संध्या आरती के दर्शन खुलेंगे, सायंकाल 5 बजे बंद होंगे। शयन के दर्शन सायं काल 6 से 7 तक होंगे। उन्होंने बताया कि दर्शनों में भक्तों को मास्क लगाकर ही मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा। भक्त आराध्य के दर्शन करके एक गेट से प्रवेश लेंगे और दूसरे गेट से बाहर निकल जाएंगे। बता दें कि प्रदेश सरकार के हर शनिवार और रविवार को लॉकडाउन का प्रभाव मंदिरों पर भी पड़ा था। पुष्टिमार्गीय संप्रदाय का द्वारिकाधीश मंदिर भी शनिवार और रविवार को बंद रखा गया था। हालांकि अंदर सभी सेवाएं चलती रहीं। इस दौरान शनिवार और रविवार को मंदिर के अंदर संपूर्ण मंदिर को सैनिटाइज किया जाता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *