इन राज्यों में बढ़ेगा सर्दी का सितम

नई दिल्ली। शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर में खिली धूप के कारण ठंड से थोड़ी राहत मिली, लेकिन नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से देर शाम मौसम में बदलाव नजर आया। संभावना है कि शनिवार से एक बार फिर सर्दी का प्रकोप बढ़ेगा। दिल्ली की वायु गुणवत्ता आज सुबह 369 एक्यूआई के साथ ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रही।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से दो अधिक 22.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से चार अधिक 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बीते कई दिनों से न्यूनतम तापमान छह डिग्री से नीचे और अधिकतम तापमान 20 डिग्री के आसपास चल रहा था। इससे दिल्ली में कड़ाके की ठंड पड़ रही थी। लेकिन बुधवार से तापमान में बढ़ोतरी शुरू हुई थी और ठंड से राहत मिली। यह सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से न्यूनतम तापमान में फिर से गिरावट दर्ज होनी शुरू होगी। दो जनवरी तक तापमान चार डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। जो पांच जनवरी तक जारी रहेगा। मौसम विभाग की मानें तो अगले तीन से चार दिन सुबह के समय दिल्ली, चंडीगढ़ व हरियाणा में घने से घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने शनिवार से 5 जनवरी तक शीतलहर चलने व सर्द दिन रहने का येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तर पश्चिम भारत में शीत लहर होगी, जिसका असर पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश व दिल्ली में देखने को मिलेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *