कमर दर्द से राहत दिलाने में ये योगासन हैं मददगार

योग। योग शारीरिक और मानसिक स्‍वास्‍थ्‍य के लिए बहुत जरूरी है। बीमारियों को जड़ से खत्म करने का सबसे अच्छा इलाज है योग। शरीर में रोजाना होने वाली आम समस्याओं को हम नजरअंदाज कर देते हैं। फिर यहीं समस्याएं बड़ी बीमारी का रूप ले लेती हैं। ऐसे में अगर नियमित योग किया जाए हैं तो बीमारियों से दूर रहा जा सकता हैं। वहीं आप अगर शरीर दर्द से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे हैं तो भी किसी भी तरह की पेन किलर कुछ घंटों के लिए ही आपको आराम दे सकती हैं। योग शारीरिक दर्द को धीरे-धीरे कम और फिर खत्म करने का काम करता है। अगर आपको कमर दर्द की समस्या है और उठने-बैठने में दिक्कत आ रही है तो योगासन से इस दर्द से छुटकारा पाया जा सकता है। अधिकतर महिलाओं को कमर दर्द की समस्या रहती है। ज्यादा देर खड़े होने से उठने बैठने में मुश्किल आने लगती है। ऐसे में महिलाओं के लिए कुछ योग बहुत काम के हैं। तो चलिए कमर दर्द से राहत दिलाने वाले कुछ योगासन के बारे में जानते हैं।

भुजंगासन :-
कमर दर्द से राहत दिलाने के लिए भुजंगासन काफी मददगार है। इस आसन में शरीर की मुद्रा फन उठाए सांप की तरह की होती है। भुजंगासन करने के लिए जमीन पर पेट के बल लेट जाएं। अब पैरों को आपस में मिलाएं और हथेलियों को सीने के पास कंधों की सीध में रखें। अपने माथे को जमीन पर रखकर शरीर को सहज रखें। फिर गहरी सांस लेते हुए शरीर के आगे के हिस्से को ऊपर की तरफ उठाएं। अपने दोनों हाथों को सीधा खड़ा रखें। करीब 15-20 सेकेंड के लिए इसी मुद्रा में रहें। फिर सांस छोड़ते हुए वापस सामान्य मुद्रा में लौट आएं।

शलभासन :-
शलभासन भी पेट के बल लेट कर किया जाएगा। इसमें मैट पर पेट के बल लेटकर दोनों हथेलियों को जांघों के नीचे रख दें। फिर दोनों पैर की एड़ियों को आपस में जोड़कर अपने पैर के पंजे को सीधे रखें। अब धीरे-धीरे अपने पैरों को ऊपर उठाने की कोशिश करें। दोनों पैरों को ऊपर की ओर ले जाते समय गहरी सांस लें। इसी अवस्था में कुछ सेकेंड रहें और बाद में पैरों को सांस छोड़ते हुए नीचे की ओर लाएं।

उष्ट्रासन :-  
उष्ट्रासन करने के लिए सबसे पहले आप घुटनों के बल बैठ जाएं। अब दोनों घुटनों की चौड़ाई कंधों के बराबर रखें और तलवे पूरे फैले हुए आसमान की तरफ रखें। रीढ़ की हड्डी को पीछे की तरफ झुकाते हुए दोनों हाथों से एड़ियों को छूने का प्रयास करें। ध्यान दें कि इस पोज में जाते समय गर्दन पर अधिक दबाव न पड़े और कमर से लेकर घुटनों तक का हिस्सा सीधा रहे। इस अवस्था में रहकर गहरी सांस लें। कुछ देर बाद अपनी सामान्य अवस्था में लौट आए।

इन योगासनों को नियमित तौर पर करें। प्रतिदिन पांच मिनट ये योगासन करने से आपको जल्द फायदा दिखेगा। कमर दर्द की समस्या से तो छुटकारा मिलेगा ही, कई और शारीरिक परेशानियों से निजात मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *