Delhi: बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेकर अपने राजनीतिक सफर का नया अध्याय शुरू कर दिया. इस दौरान उनके साथ जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, राज्यसभा सांसद संजय झा, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण समेत कई केंद्रीय मंत्री और बीजेपी-जदयू के कद्दावर नेता मौजूद थे. सीएम नीतीश कुमार ने हिंदी में अपनी शपथ ली.
चारों सदनों के सदस्य बन चुके नीतीश
राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने नीतीश कुमार को दोपहर 12.15 बजे उच्च सदन की सदस्यता की शपथ दिलाई. इसके साथ ही नीतीश कुमार उन चुनिंदा नेताओं की सूची में शामिल हो गए हैं जो चारों सदनों- विधानसभा, विधानपरिषद, लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य रहे हैं.
बता दें कि शपथ ग्रहण के बाद नीतीश कुमार आज शाम ही दिल्ली से पटना लौटेंगे. उनके लौटते ही बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया के और तेज होने की उम्मीद है. नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के साथ ही राज्य में नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर सियासी सस्पेंस गहरा गया है.
कौन होगा बिहार का नया CM?
अब ये तय हो चुका है कि बिहार को नया मुख्यमंत्री मिलने जा रहा है. हालांकि नए मुख्यमंत्री को लेकर बीजेपी और जदयू दोनों ने ही सस्पेंस बना रखा है. सम्राट चौधरी का नाम रेस में सबसे आगे चल रहा है. लेकिन इसी बीच संजय जायसवाल समेत कुछ और नेताओं के नाम की भी चर्चा हो रही है. माना जा रहा है कि 2 से 3 दिन में बिहार की सियासी तस्वीर साफ हो जाएगी.
इसे भी पढ़ें:-AI से होगी चारधाम यात्रा की निगरानी, CM धामी का एक्शन प्लान तैयार