Puskar/Rajasthan: परम पूज्य संत श्री दिव्य मोरारी बापू ने कहा कि शिव-शंकर की मानसिक पूजा भी बहुत सुलभ है और बहुत अच्छी है। बाहर पूजा करते हो, तब ठीक है लेकिन यदि बाहर पूजन न कर सको तब मानसिक पूजन कर लेना चाहिए। मानसिक पूजन हम आपको बता देते हैं। याद कर लेने से बहुत लाभ होता है। लिखा है, मानसी सा मता परा, बाहर की पूजा की अपेक्षा मानसिक पूजा दस गुणा क्या सौ गुणा अधिक लाभ देती है। बाहर के पूजन में विधि-विधान की आवश्यकता है, शुद्धि-अशुद्धि , सूतक-पातक, सबका विचार है। लेकिन मानसिक पूजन में
शुद्धि-अशुद्धि , सूतक-पातक आदि का कोई विचार नहीं है। कभी भी, कहीं भी, किसी भी समय पूजन किया जा सकता है। मान लीजिए कि आप यात्रा में हैं, भगवान शंकर की मूर्ति नहीं मिली, तब सूर्य मण्डल के अन्दर उनका ध्यान करके पुष्पादि अर्पण कर दो। गुरु साथ में है, तब उनमें ही शिव का ध्यान करके पूजन कर लो। गुरु पूजा भी शिव पूजा है। चन्द्र मण्डल के अन्दर भी पूजा हो सकती है। जल के अन्दर भी पूजा हो सकती है। शिव हाथ में भी बन जाते हैं। अपनीअंगुलियों से बनाकर पूजा कर लो। कहीं भी पूजन कर लो। बस भावना होनी चाहिए।
सभी हरि भक्तों को पुष्कर आश्रम एवं गोवर्धनधाम आश्रम से साधु संतों की शुभ मंगल कामना, श्री दिव्य घनश्याम धाम, श्री गोवर्धन धाम कॉलोनी, बड़ी परिक्रमा मार्ग, दानघाटी, गोवर्धन, जिला-मथुरा, (उत्तर-प्रदेश) दिव्य मोरारी बापू धाम सेवा ट्रस्ट, गनाहेड़ा, पुष्कर जिला-अजमेर (राजस्थान).