परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के संकल्प से शुरू हो रहे शिव महापुराण कथा के निमित्त निकाली गई कलश यात्रा, भूमि पूजन संपन्न

Ballia: बाबा बालखंडी नाथ मंदिर परिसर में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथावाचक प्रदीप मिश्रा के सानिध्य में 9 से 15 जून तक आयोजित होने वाली शिव महापुराण कथा के निमित्त शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के संकल्प से शुरू हो रहे कथा के निमित्त कलश यात्रा बांसडीह रोड तिराहा से निकली जिसमें सैकड़ों महिलाएं व पुरुष श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर धार्मिक उत्साह और आस्था का परिचय दिया।

कलश यात्रा मंदिर परिसर की परिक्रमा कर कथा स्थल पर पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए भक्ति रस में सराबोर नजर आए। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर मंगल गीत गाए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर कथा आयोजन की सफलता और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना के साथ विधि-विधान से भूमि पूजन भी संपन्न कराया गया।

आयोजन के यजमान जयराम सिंह, काशीनाथ पांडेय, हर्ष सिंह आदि की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आचार्यों ने पूजन-अर्चन कर कथा स्थल का शुभारंभ कराया। आयोजकों ने बताया कि 9 जून से प्रारंभ होने वाली शिव महापुराण कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसके लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं से कथा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की। कलश यात्रा एवं भूमि पूजन कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *