गोरखपुर में ट्रिपल मर्डर: भाई, भाभी और भतीजे की धारदार हथियार से हत्या, जांच में जुटी पुलिस

Gorakhpur: गोरखपुर के बांसगांव थाना इलाके में रविवार देर रात हुई एक भयावह घटना ने पूरे इलाके में कोहराम मचां दिया। बता दे कि 16 वर्षीय किशोर ने कथित तौर पर अपने बड़े भाई, भाभी और तीन वर्षीय भतीजे की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। इस वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित कई आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।

मृतकों की पहचान अमित गुप्ता, उनकी पत्नी रंजना गुप्ता और उनके तीन वर्षीय पुत्र रेयान गुप्ता के रूप में हुई है। तीनों रविवार की रात घर के एक कमरे में सो रहे थे, तभी आरोपी छोटे भाई ने सोते समय उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस क्रूर वारदात में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के पिता ने तत्काल पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी 16 वर्षीय किशोर को भी हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी उसके पास से बरामद कर लिया गया है।

पारिवारिक विवाद की आशंका
एसपी दक्षिणी दिनेश पुरी ने बताया कि रविवार की देर रात करीब तीन बजे एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी ने सोते समय घटना को अंजाम दिया। घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात कही जा रही है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है ताकि सच्चाई का पता लगाया जा सके।
 

गांव में मातम और आक्रोश
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की इस निर्मम हत्या से पूरे गांव में मातम का माहौल है। सोमवार की सुबह जब घटना की जानकारी मिली तो बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। लोगों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश भी देखा जा रहा है। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
 

एफआईआर दर्ज, जांच जारी
मृतक अमित गुप्ता के पिता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर बांसगांव थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है। इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक कलह के गंभीर परिणामों को उजागर किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *