सीएम योगी ने गोरखपुर मंडल में छात्रों को दी सौगात, वितरित किए गए 50 हजार टैबलेट

Gorakhpur: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर मंडल के 50 हजार छात्रों को टैबलेट की सौगात दी। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत गोरखपुर जिले के 35 हजार बच्चों को टैबलेट मिले। इसी क्रम में देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के 5000-5000 छात्रों को टैबलेट वितरित किए गए। कार्यक्रम के जरिए सीएम योगी ने सपा पर जमकर निशाना साधा।

सीएम योगी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आपने बदलते हुए यूपी को देखा होगा। अपने माता-पिता से पूछिए, अपने दादा-दादी से, नाना-नानी से, मामा-मामी से पूछिए, जब वे युवा थे तब क्या था, यूपी की तस्वीर तब क्या थी। यूपी के नौजवानों के सामने पहचान का संकट था। प्रदेश में तो नौकरी नहीं थी, लेकिन देश के अंदर भी यूपी के नाम पर कोई व्यक्ति बैठने के लिए नहीं कहता था। अगर किसी की नौकरी लग ही गई तो किराए पे मकान नहीं मिलता था। होटल में कमरा नहीं मिलता था। धर्मशाला में रहने की जगह नहीं मिलती थी, यूपी में कोई परीक्षा होती थी, तो नौजवानों के सामने पहला ही संकट होता था क्या होगा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में मुन्ना भाई पैदा किए गए थे।

बहनों और भाइयों, क्या अराजकता थी। दंगे अपराध, गुण्डागर्दी, बेटी की सुरक्षा के साथ खिलवाड़, नौजवान की नौकरी पे डकैती और बाद में कोर्ट का स्टे, फिर नौकरी निरस्त, नौजवान ताकता रहता था। लोग प्रदेश को अराजक प्रदेश कहते थे, पहचान का संकट था, ना सड़क थी, ना बिजली थी, ना पानी था, ना नौकरी थी, ना रोजगार था। ना उद्योग थे, ना यूनिवर्सिटी थी, ना अच्छे कॉलेजेस थे, ना कोई प्रतिस्पर्धा दिखती थी। ना स्पोर्ट्स की कोई फैसिलिटी थी, क्या करता युवा। आज आप देख रहे होंगे सुरक्षा का माहौल बना, फेयर सलेक्शन की कार्यवाही हुई।