Varanasi: एसटीएफ ने सारनाथ के कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम की हत्या के मामले में एक लाख के इनामी शूटर बनारसी यादव को मंगलवार रात चौबेपुर थाना क्षेत्र के बारियासनपुर रिंग रोड पर मुठभेड़ में मार गिराया. वह कॉलोनाइजर की हत्या करके 166 दिन से भागा था. मौके से दो पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए हैं.
एसटीएफ को मिली थी सूचना
महेंद्र गौतम हत्याकांड में वांटेड बनारसी यादव की जानकारी एसटीएफ को मिली थी. उसके किसी वारदात को अंजाम देने के लिए बरियासनपुर के रास्ते दयालपुर की ओर जाने की जानकारी मिलते ही एसटीएफ ने अपना जाल बिछाया. एएसपी विनोद सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद इंस्पेक्टर अमित श्रीवास्तव और अनिल कुमार सिंह टीम के साथ बरियासनपुर के पास खड़े थे. इसी दौरान बाइक से बनारसी समेत दो बदमाश आते दिखे. एसटीएफ ने जब उन लोगों को रोका तो बाइक चला रहा लाल रंग का जैकेट पहने बदमाश भागने लगा.
जवाबी कार्रवाई में बदमाश को लगी गोली
वहीं, बाइक के पीछे बैठे बनारसी यादव ने एसटीएफ पर फायरिंग शुरू कर दी. एसटीएफ की जवाबी कार्रवाई में उसके सीने में गोली लगी और वह बाइक से गिर गया. वहीं, मौका देखकर दूसरा बदमाश बाइक लेकर भाग निकला. एसटीएफ बनारसी को लेकर जिला अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बनारसी यादव पर हत्या, लूट समेत अन्य अपराध में 21 केस दर्ज हैं.
29 बिस्वा जमीन के लिए फैटू ने दी थी सुपारी
महेंद्र गौतम की हत्या की सुपारी पुराने परिचित गाजीपुर निवासी जोगेंद्र यादव उर्फ फैटू ने 60 करोड़ की 29 बिस्वा जमीन के विवाद में बनारसी यादव को दी थी. बनारसी, अरविंद यादव उर्फ फौजी और विशाल तीन शूटरों को दो-दो लाख रुपये और पिस्टल मुहैया कराई गई थी. असलहा बिहार के मुंगेर निवासी मोहम्मद मुकीम ने उपलब्ध कराया था.
बनारसी पर गाजीपुर, वाराणसी और सोनभद्र में सबसे ज्यादा मामले दर्ज
बनारसी यादव के खिलाफ वाराणसी, गाजीपुर और सोनभद्र में सबसे ज्यादा मामले दर्ज थे. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पहला मामला गाजीपुर के खानपुर थाने में 2003 में दर्ज हुआ था. इसी मामले में पांच और प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी.
वाराणसी के चोलापुर थाने में भी 2005 से 2006 के बीच चार मामले दर्ज कराए गए थे. सोनभद्र के घोरावल थाने में दो मामले दर्ज हैं. वाराणसी के दूसरे थानों में भी मामला दर्ज हुआ था. सारनाथ थानाक्षेत्र में कॉलोनाइजर की हत्या में उसकी तलाश की जा रही थी. अब मुठभेड़ में मारा गया है.
इसे भी पढ़ें:-यूपी में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बदला मौसम का रुख, अगले 2 दिन तेज हवा और बारिश का अलर्ट