ताजमहल सहित सभी स्मारकों के आज से खुले ताले

आगरा। दो महीने की बंदी के बाद बुधवार सुबह से ताजमहल के दरवाजे आम पर्यटकों के लिए खुल गए। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग और जिला प्रशासन ने ताजमहल समेत सभी स्मारकों में एक बार में 650 पर्यटकों को प्रवेश की अनुमति दी है। सुबह से शाम तक पर्यटकों की निकासी के आधार पर पर्यटकों को प्रवेश दिया जाएगा, जिससे एक बार में 650 से ज्यादा सैलानी अंदर न रह सकें। ताजमहल खुलने के बाद ब्राजील की मेलिशा पहली पर्यटक रही। वह तीन महीने पहले भारत आईं थीं और दिल्ली और वाराणसी का भ्रमण कर चुकी हैं। जैसे ही उन्हें ताजमहल खुलने की जानकारी हुई तो सबसे पहले ताजमहल देखने के लिए पांच बजकर पांच मिनट पर पहुंच गईं। पहला पर्यटक बनने पर उन्हें गर्व की अनुभूति हुई है। गौरतलब है कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के साथ वार्ता कर जिला प्रशासन ने स्मारकों पर पर्यटकों की संख्या मंगलवार को तय कर दी थी। एएसआई की टिकट तीन घंटे के लिए मान्य होगी। न केवल ताज, बल्कि आगरा किला, फतेहपुर सीकरी, अकबर का मकबरा, एत्माद्दौला स्मारक में भी 650 पर्यटकों को एक बार में प्रवेश मिल सकेगा। ताजमहल खुलने की जानकारी मिलने के बाद सैलानियों ने आना शुरू कर दिया। कई सैलानी अपने पूरे परिवार के साथ ताजमहल पहुंचे। सुबह के समय लोगों ने डायना बेंच पर बैठकर खूब फोटो खिंचाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *