पांच जोन में बंटेगा गोरखपुर नगर निगम का क्षेत्र

गोरखपुर। गोरखपुर नगर निगम क्षेत्र अब पांच जोन में बंटेगा। प्रशासनिक सुविधा के दृष्टिकोण से नगर निगम प्रशासन ने शहर को चार की बजाए पांच जोन में बांटने का फैसला लिया है। सभी जोन में जोनल कार्यालय बनाए जाएंगे और जोनल अधिकारियों की तैनाती होगी। इन सभी जोन ऑफिस में ही संबंधित जोन के लोगों के नगर निगम संबंधी सारे कार्य होंगे। एक जोन में कार्यालय बनाने की शुरुआत भी कर दी गई है। वहीं नगर निगम कार्यालय मुख्यालय के रूप में कार्य करेगा। धीरे धीरे नगर निगम सीमाक्षेत्र का विस्तार होता चला गया। 32 नए गांवों के जुड़ने के बाद नगर निगम का दायरा 147 वर्ग किलोमीटर से बढ़कर 210 वर्ग किलोमीटर हो गया है। इसके पहले 2020 में नगर निगम का सीमा विस्तार किया गया था। नगर निगम के लगातार विस्तार की वजह से बाहरी वार्डो के लोगों को जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने, टैक्स जमा करने, सड़क, नाला आदि की समस्या के लिए नगर निगम में आना पड़ता है। कुछ वार्डों से नगर निगम की दूरी 10 किलोमीटर तक है। ऐसे में छोटे छोटे कामों के लिए लोगों को इतनी दूरी चलकर नगर निगम आना पड़ता है। इसको देखते हुए नगर आयुक्त ने शहर में जोनों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *