पुलिस और बदमाशों के मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी घायल, सात बदमाश गिरफ्तार

लखनऊ। पश्चिमी यूपी के सहारनपुर और मुजफ्फरनगर जिले में शनिवार को पुलिस की बदमाशों के साथ मुठभेड़ हुई। दोनों मुठभेड़ों में सात बदमाशों को दबोचा गया है। वहीं मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। सहारनपुर के थाना ननौता क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। गोली लगने पर घायल तीन बदमाशों सहित छह बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं बदमाशों की तरफ से की गई फायरिंग में दो पुलिसकर्मियों को भी गोली लगी है। नानौता थाना पुलिस द्वारा शनिवार की रात चौकी जंधेड़ी पर चेकिंग के दौरान पिकअप गाड़ी एवं मोटरसाइकिल सवार को रूकने का इशारा किया गया। जिसमें पिकअप एवं बाइक सवार बदमाशों द्वारा पुलिस पार्टी पर फायर कर भागने का प्रयास किया। सूचना पाकर क्राइम ब्रांच एवं थाना नानौता पुलिस द्वारा भोजपुर नहर पुल पर बदमाशों की घेराबंदी की गई। बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, जिसमें कांस्टेबल सोनू चौधरी और हेड कांस्टेबल संजीव घायल हो गए। जवाबी फायरिंग में जावेद उर्फ सादिक पुत्र उमरदीन निवासी अकबरपुर सुन्हेटी थाना कैराना शामली, राशिद पुत्र अलीशेर निवासी अकबरपुर सुन्हेटी थाना कैराना शामली और अलीशान पुत्र उमरदीन निवासी गोगवान थाना कैराना शामली गोली लगने से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल सहारनपुर में भर्ती कराया गया। फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस द्वारा कॉम्बिंग की गई, जिसमें सुमित उर्फ बंदर पुत्र मामूराम निवासी अकबरपुर सुन्हेटी थाना कैराना शामली, जीशान उर्फ मामा पुत्र अशरफ निवासी हमजागढ़ थाना गंगोह, सहारनपुर एवं नौशाद पुत्र इस्लाम निवासी हमजाग, थाना गंगोह सहारनपुर को गिरफ्तार किया गया। एसएसपी डॉक्टर एस चन्नपा ने बताया कि इस संबंध में थाना नानौता पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। पकड़े गए बदमाशों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। मुजफ्फरनगर के खतौली में फलावदा रोड पर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश नवाब उर्फ भूरा को दबोच लिया। पुलिस की गोली पैर में लगने से बदमाश घायल हो गया। इस दौरान एक बदमाश फरार हो गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया है। खतौली-फलावदा मार्ग पर पमनावली चौकी से कुछ पहले पुलिस ने चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर बाइक सवारों ने पुलिस पर फायर कर दिया। बदमाश चित्तौड़ा गांव के जंगल की ओर फरार हो गए। पुलिस ने भी बदमाशों का पीछा कर जवाबी कार्रवाई की, जिसमें पुलिस की गोली पैर में में लगने से एक बदमाश घायल हो गया। दोनों बाइक से गिए गए। इसी बीच एक बदमाश जंगल में घुस कर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने घायल बदमाश को दबोच लिया। पकड़े गए बदमाश के पास से बाइक, तमंचा, कारतूस बरामद किया गया है। घायल बदमाश ने पूछताछ में अपना नाम नवाब उर्फ भूरा, निवासी बिहारी थाना सिखेड़ा बताया है। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। सीओ राकेश सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में पकड़े गए बदमाश पर चोरी, लूट और हत्या के प्रयास के करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *