आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में रविवार को प्रभारी कुलपति प्रो. आलोक रॉय की अध्यक्षता में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को शैक्षणिक सत्र 2021-22 से लागू किए जाने के संबंध में बैठक हुई। इसमें तय किया गया कि विश्वविद्यालय की ओर से तैयार नए पाठ्यक्रम को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कराया जाएगा। जिससे विश्वविद्यालय के विभिन्न घटक उस पर अपने विचार और सुझाव दे सकें। प्रो. आलोक राय ने बताया कि नया सत्र शुरू होने से पहले कॉलेजों में विश्वविद्यालय की ओर से कार्यशालाएं भी कराई जाएंगी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति को प्रभावी तरीके से कैसे लागू किया जाए। इसकी जानकारी भी दी जाएगी। बोर्ड ऑफ स्टडीज की ओर से तैयार किए गए, विभिन्न विषयों के जिस पाठ्यक्रम को विद्या परिषद और कार्य परिषद में मंजूरी दी गई है, उसी को आगामी शैक्षणिक सत्र में स्नातक पाठ्यक्रमों में पढ़ाया जाना है। विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षाएं खत्म होने के बाद अधिक से अधिक कार्यशालाएं कॉलेजों में कराई जाएंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सत्र 2021-22 में कॉलेजों में ही नए पाठ्यक्रम लागू करने का निर्णय लिया है। आवासीय संस्थानों में सत्र 2022-23 से राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप नया पाठ्यक्रम लागू किया जाना है।