Aaj ka Mausam: देशभर के मौसम में एक बार फिर से बदलाव देखने को मिल रहा है. पश्चिमी विक्षोभ की वजह से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, झारखंड, हरियाणा, मध्य प्रदेश और पहाड़ी राज्यों में मौसम काफी सक्रिय हो गया है. कहीं हल्की बारिश हो रही है, तो कहीं तेज आंधी और गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश हो रही है. मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 से 48 घंटों के लिए कई इलाकों में येलो अलर्ट और कुछ जगहों पर ऑरेंज अलर्ट भी जारी कर दिया है.
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
देश की राजधानी दिल्ली और उसके आस-पास के इलाके में आज मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. IMD ने दिल्ली और नोएडा में बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 30 मार्च तक दिल्ली-NCR में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.
उत्तर प्रदेश में आंधी और बारिश
उत्तर प्रदेश में भी मौसम बिगड़ने वाला है. IMD ने आज यूपी के करीब 38 जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है. इसके अलावा, कुछ जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है. 30 मार्च तक उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आंधी के साथ तेज बारिश हो सकती है.
बिहार में उग्र मौसम
बिहार में मौसम ने सबसे ज्यादा तगड़ा रूप दिखाया है. शुक्रवार रात को पटना समेत 34 जिलों में तेज हवाएं 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलीं. इनके साथ भारी बारिश भी हुई. कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए, बिजली की सप्लाई बाधित हो गई और ओले गिरने से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है. शनिवार को भी बिहार के लगभग सभी जिलों में बारिश, गरज और तड़क के साथ आंधी चलने की संभावना बनी हुई है. लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.
पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में भी मौसम में बदलाव देखा जा रहा है. उत्तराखंड के 7 जिलों- नैनीताल, रूद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, बागेश्वर, पिथौरागढ़, टिहरी और चमोली में अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी हो सकती है. हिमाचल प्रदेश में भी पर्वतीय इलाकों में भारी बारिश हो रही है. IMD ने 30 मार्च तक हिमाचल प्रदेश के कुछ जिलों में बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई है. इसके बाद, 31 मार्च को भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है.
झारखंड में भी बारिश का अलर्ट
वहीं, झारखंड के अधिकतर हिस्सों में अगले दो दिनों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. IMD ने आंधी-तूफान को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. खासकर गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार जिलों को छोड़कर राज्य के अन्य हिस्सों में शनिवार को तेज हवा, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है.
फसलों पर असर
आंधी, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की वजह से खेतों में खड़ी फसलों को काफी नुकसान पहुंच रहा है. खासकर बिहार और कुछ अन्य राज्यों में किसानों की चिंता बढ़ गई है. मौसम विभाग की सलाह है कि लोग मौसम की खबरें नियमित रूप से देखते रहें और सुरक्षित रहें. अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत में मौसम का यह उतार-चढ़ाव जारी रहने वाला है. गर्मी से थोड़ी राहत मिल रही है, लेकिन आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से फसलों और जनजीवन पर असर पड़ रहा है.
इसे भी पढ़ें:-Petrol Diesel Price: डीजल-पेट्रोल के नए दाम जारी, जानिए आपके शहर में क्या है ईंधन का रेट