ब्रिटेन के राजदूत का बड़ा बयान- भारत में है दुनिया की कई बड़ी समस्याओं को सुलझाने की क्षमता

नई दिल्ली। भारत में ब्रिटेन के राजदूत एलेक्जेंडर एलिस ने अपने एक बयान में कहा है कि भारत में दुनिया की कई बड़ी समस्याओं को सुलझाने की क्षमता है। एलिस ने कहा कि जी20 की अध्यक्षता करते हुए भारत के पास मौका है कि वह दुनिया को नए और आधुनिक भारत के दर्शन कराए। एलेक्जेंडर एलिस ने कहा कि भारत एक ताकतवर देश है और इसके पास दुनिया के कई देशों से बात करने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि ऐसी दुनिया में जहां कई समस्याएं हैं, जिनमें पर्यावरण में बदलाव, जन स्वास्थ्य आदि शामिल हैं, वहां यह बेहद अहम बात है।

एलिस ने कहा कि एक बंटी हुई दुनिया में, जहां भौगोलिक राजनीति में इतनी प्रतिस्पर्धा है, वहां मेरे ख्याल से भारत के पास ताकत है, जो दुनिया के विभिन्न देशों को साथ ला सकता है। गौरतलब है कि, भारत दिसंबर 2022 से लेकर 30 नवंबर 2023 तक जी20 देशों की अध्यक्षता कर रहा है। पीएम मोदी ने जी20 के लिए अपना एजेंडा समावेशी, महत्वकांक्षी और एक्शन आधारित बताया है। जी20 के दौरान भारत के मॉडल को दूसरे देशों के सामने रखा जा सकता है, खासकर विकासशील देशों के सामने।

भारत की अध्यक्षता में जी20 की थीम वसुधैव कुटुंबकम यानी कि एक धरती, एक परिवार और एक भविष्य रखी गई है। यह प्राचीन संस्कृत वेद महा उपनिषद से ली गई है। भारत में जी20 की बैठकें सिर्फ नई दिल्ली जैसे बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहेंगी। भारत में जी20 की बैठकें देश के 50 शहरों में आयोजित होंगी। इससे जी20 प्रतिनिधियों को भारत की समृद्ध संस्कृति देखने को मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *