कब की गई थी भारतीय जनता पार्टी की स्थापना, जानिए तब से अब तक की कहानी

BJP history: भारतीय जनता पार्टी आज के समय में सदस्यों के हिसाब से विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है. बीजेपी न केवल दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और उसके 18 करोड़ से अधिक सदस्य हैं. भाजपा देश की सबसे अमीर पार्टी भी मानी जाती है. देश में अभी हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, दिल्ली, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गोवा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, नगालैंड, त्रिपुरा, मेघालय, मिजोरम, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, बिहार और आंध्र प्रदेश में भाजपा या एनडीए सरकार है.

जनसंघ से जुड़ा है भाजपा का इतिहास

श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना की थी. यह पार्टी राष्ट्रवादी विचारधारा और हिंदुत्व आधारित राजनीति के लिए जानी जाती थी. जनसंघ को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का वैचारिक समर्थन प्राप्त था. 1975-77 के इमरजेंसी दौर के बाद जनसंघ सहित कई दलों ने मिलकर जनता पार्टी बनाई और सत्ता में आए. इस दौर में जनसंघ के नेता राष्ट्रीय राजनीति में उभरे.

कब और क्यों हुई भाजपा की स्थापना?

भारत को एक समर्थ राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ भाजपा का गठन 6 अप्रैल, 1980 को नई दिल्ली के कोटला मैदान में आयोजित एक कार्यकर्ता अधिवेशन में किया गया, जिसके प्रथम अध्यक्ष अटल बिहारी वाजपेयी निर्वाचित हुए. अपनी स्थापना के साथ ही भाजपा ने अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय एवं लोकहित के विषयों पर मुखर रहते हुए भारतीय लोकतंत्र में अपनी सशक्त भागीदारी दर्ज की तथा भारतीय राजनीति को नए आयाम दिए.

2 सीटों से सत्ता तक का सफर

इंदिरा गांधी की हत्या के बाद 1984 के लोकसभा चुनाव में पूरे देश में कांग्रेस के प्रति एक सहानुभूति की लहर थी. इस चुनाव में भाजपा को सिर्फ 2 सीटें मिलीं. यह पार्टी के लिए सबसे बड़ा झटका था.

इसके बाद लाल कृष्ण आडवाणी के नेतृत्व में भाजपा ने राम जन्मभूमि आंदोलन को प्रमुख मुद्दा बनाया. 1989 के चुनाव में बीजेपी को 85 सीटें मिली. इसके बाद 1991 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने 120 सीटों पर जीत हासिल की.

1996 में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी और अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमंत्री बने लेकिन उनकी सरकार केवल 13 दिल ही चल पाई. फिर 1998 में केंद्र में बीजेपी के नेतृत्व में सरकार बनी और 13 महीने तक चली. 1999 में फिर लोकसभा चुनाव हुए और केंद्र में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में सरकार बनी जो पांच साल तक चली.

2004 से2014 तक बीजेपी विपक्ष में रही, लेकिन संगठन और रणनीति को मजबूत करती रही. 2014 में पूर्ण बहुमत के साथ बीजेपी सत्ता में आई. नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने. फिर 2019 में भी बीजेपी को बंपर बहुमत मिला और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक मजबूत सरकार केंद्र में रही. 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को झटका लगा. बीजेपी के सीटों की संख्या कम हो गई लेकिन एनडीए ने बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया था. लगातार तीसरी बार केंद्र में नरेंद्र मोदी की अगुवाई में सरकार बनी.

इसे भी पढ़ें:-BJP का 47वां स्थापना दिवस आज, पीएम मोदी और सीएम योगी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को दी शुभकामनाएं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *