नहीं रहें पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सलीम दुर्रानी, 88 साल की उम्र में ली आखिरी सांस

नई दिल्‍ली। इंडियन क्रिकेट जगत के लिए रविवार को एक दुखद खबर सामने आई। भारत के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर सलीम दुर्रानी का 88 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह कैंसर से जूझ रहे थे। क्रिकेटर सलीम ने गुजरात के जामनगर में आज सुबह आखिरी सांस ली। सलीम के मौत से क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

बता दें कि वह पहले ऐसे क्रिकेटर थे, जिन्हें अर्जुन अवॉर्ड से नवाजा गया था। उन्हें यह सम्मान 1960 में मिला था। सलीम दुर्रानी भारत के लिए 29 टेस्ट खेल चुके, जिसमें उन्होंने एक शतक और सात अर्धशतक की मदद से 1202 रन बनाए थे। साथ ही 75 विकेट भी लिए थे।

सलीम दुर्रानी का जन्म 11 दिसंबर 1934 को अफगानिस्तान के काबुल में हुआ था। हालांकि, जब वह सिर्फ आठ वर्ष के थे तब उनका परिवार पाकिस्तान के कराची जाकर बस गया था। भारत-पाकिस्तान बंटवारे के समय दुर्रानी का परिवार भारत आ गया था। धीरे-धीरे सलीम की क्रिकेट में दिलचस्पी बढ़ी। 1960-70 के दशक में सलीम ने अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से पहचान बनाई थी। वह भारत के दिग्गज ऑलराउंडर्स में से एक रहे हैं।

सलीम दुर्रानी ने 1960 में मुंबई टेस्ट में डेब्यू किया था। वह छक्के लगाने के लिए ज्यादा मशहूर थे। सलीम ने आखिरी टेस्ट फरवरी 1973 में मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद सलीम ने फिल्म इंडस्ट्री में भी काम किया। वह बॉलीवुड फिल्म ‘चरित्र’ में भी काम कर चुके हैं। इस फिल्म में सलीम और परवीन बॉबी नजर आए थे।

पीएम मोदी ने भी ट्वीट कर श्रद्धांजलि दी

 

पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्विट कर सलीम दुर्रानी के निधन पर दुख जताया और श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि दुर्रानी क्रिकेट लीजेंड थे और अपने आप में एक इंस्टटियूशन थे। वर्ल्ड क्रिकेट में भारत के विकास में उनका अहम योगदान रहा था। वो मैदान के अंदर और बाहर अपने अलग ही स्टाइल के लिए पहचाने जाते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *