इस वैलेंटाइन डे पर राशि अनुसार पार्टनर को दें गिफ्ट

लाइफ स्टाइल। हर साल 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे मनाया जाता है। इस दिन को लोग अपने पार्टनर से अपने दिल की बात बता सकते हैं। खास तौर पर ये दिन प्यार के इजहार का दिन माना जाता है। प्यार करने वाले लोग बेसब्री से इस दिन का इंतजार करते हैं। हर कोई प्यार के इस उत्सव को खास और यादगार बनाना चाहता है। इस दिन अपने पार्टनर के प्रति प्रेम दर्शाने के लिए लोग अलग-अलग तरीके अपनाते हैं। कोई बाहर घुमाने ले जाता है, तो कोई डेट पर या फिर कोई अपने पार्टनर के पसंद की गिफ्ट उसे देता है। ऐसे में यदि आप भी अपने पार्टनर को कुछ उपहार देना चाहते हैं तो इस बार उनकी राशि के अनुसार गिफ्ट खरीदें, जो उनके लिए भाग्यशाली साबित होगा। साथ ही आपके रिश्ते में मिठास भी बढ़ेगी। आइए जानते हैं राशि के अनुसार किस रंग का उपहार शुभ होगा-

मेष राशि:-
मेष राशि का स्वामी मंगल ग्रह है और लाल रंग मेष राशि के जातकों के लिए शुभ माना गया है। यदि आपके पार्टनर की राशि मेष है तो वैलेंटाइन डे के दिन लाल रंग के उपहार या कपड़े गिफ्ट कर सकते हैं। इसके अलावा आप अपने पार्टनर को लाल रंग के गुलाब भी दे सकते हैं।

वृषभ राशि:-
वृषभ राशि का स्वामी शुक्र है और वृषभ राशि का शुभ रंग सफेद माना गया है। यदि आपके पार्टनर की राशि वृषभ है तो वैलेंटाइन डे पर सफेद या हल्के क्रीम रंग के कपड़े या गिफ्ट दे सकते हैं।

मिथुन राशि:-
मिथुन राशि का स्वामी बुध है, इसलिए इस राशि के लोगों के लिए हरा रंग शुभ माना जाता है। इस दिन अपने पार्टरन को वैलेंटाइन डे पर हरा रंग या उससे मिलते जुलते रंग के उपहार दें। इस रंग से संबंधित खूबसूरत कार्ड भी आप दे सकते हैं।

कर्क राशि:-   
कर्क राशि का स्वामी चंद्रमा है और इस राशि का शुभ रंग सफेद होता है। ऐसे में उन्हें लाल रंग पर सफेद धारियों वाला गुलाब देना बेस्ट रहेगा। साथ ही मोती की माला या परफ्यूम भी दे सकते हैं।

सिंह राशि:-
सिंह राशि का स्वामी ग्रह सूर्य है और इस राशि के लोगों के लिए शुभ रंग गहरा लाल, संतरी, केसरिया, पीला और सुनहरा माना गया है। ऐसे में उन्हें वैलेंटाइन डे पर नारंगी गुलाब के साथ लाल, पीले रंग की ड्रेस गिफ्ट करें।

कन्या राशि:-  
कन्या राशि का स्वामी बुध है। इसलिए कन्या राशि के लिए हरा रंग शुभ माना जाता है। कन्या राशि के पार्टनर को हरी पत्तियों सहित गुलाब या कोई पौधा गिफ्ट कर सकते हैं।

तुला राशि:-
तुला राशि का स्वामी शुक्र है और इस राशि के लोगों के लिए शुभ रंग सफेद होता है। इस बार वैलेंटाइन डे को खास बनाने के लिए उन्हें गुलाबी रंग का गुलाब दे सकते हैं। इसके साथ ही सफेद रंग की ड्रेस देना भी सही रहेगा।

वृश्चिक राशि:-
वृश्चिक राशि का भी स्वामी मंगल है और इस राशि के लिए शुभ रंग लाल और मैरून माना गया है। वृश्चिक राशि वाले लोग वैलेंटाइन डे पर लाल या मैरून रंग के कपड़े गिफ्ट करें। इसके अलावा कोई इलेक्ट्रॉनिक आइटम गिफ्ट करना भी अच्छा रहेगा।

धनु राशि:-
धनु राशि का स्वामी बृहस्पति है और बृहस्पति का शुभ रंग पीला होता है। रिश्ते में प्यार और मिठास के लिए वैलेंटाइन डे पर सोने की अंगूठी दे सकते हैं।

मकर राशि:-
मकर राशि का स्वामी शनि ग्रह है और इस राशि का शुभ रंग काला माना गया है। हालांकि काले रंग का उपहार शुभ नहीं माना जाता, इसलिए उन्हें नीला गुलाब दे सकते हैं। इसके अलावा कोई एंटीक चीज तोहफे में दे सकते हैं।

कुंभ राशि:-
कुंभ राशि का स्वामी भी शनि है। इसलिए इस राशि का भी शुभ रंग काला माना जाता है। यदि आपके पार्टनर की राशि कुंभ है तो उन्हें नीले रंग का गुलाब, ड्रेस या फिर कार्ड दे सकते हैं।

मीन राशि:-
मीन राशि का स्वामी बृहस्पति है और इस राशि के लिए पीला रंग शुभ माना गया है। इसलिए मीन राशि के लिए पीले रंग का गुलाब और ड्रेस देना अच्छा रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *