बर्फीली हवाओं से मैदानी इलाकों में गिरा पारा, बढ़ी ठिठुरन

नई दिल्ली। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में पड़ रहा है। उत्तर भारत के कुछ राज्यों में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। पहाड़ों से आ रही सर्द हवाएं दिल्ली-एनसीआर के अलावा कई इलाकों में ठंड का एहसास करा रही हैं।

बर्फीली हवाओं ने मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ा दी है। दिल्ली में सोमवार सुबह से तेज हवा चल रही थी। दिल्ली में अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, हवा में नमी का स्तर 25 से 62 प्रतिशत रहा।

उत्तर प्रदेश में भी बर्फीली हवाओं से लोग परेशान रहे। प्रदेश के तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है। बर्फीली हवाओं के कारण पारा अभी और गिर सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को आसमान साफ रहेगा। हालांकि, 20 से 40 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवा चलेगी। ठिठुरन भी लोगों को सताएगी। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 26 व 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। बुधवार से इसमें वृद्धि होने के आसार हैं। वहीं, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी, जबकि मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना है।

सर्द हवाओं के चलते यहां तापमान में गिरावट आई है। हालांकि, तेज धूप से लोगों को ठंड से राहत मिल रही है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 17 फरवरी तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में इजाफा हो सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *