गृहमंत्री अमित शाह ने भाजपा की रथ यात्रा को दिखाई हरी झंडी

धर्मनगर। गृहमंत्री अमित शाह ने गुरुवार को त्रिपुरा के धर्मनगर में भाजपा की रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने एक विशाल जनसभा को भी संबोधित किया। त्रिपुरा में इस साल मार्च में विधानसभा चुनाव होने हैं। रथ यात्रा का समापन 8 दिन बाद 12 जनवरी को होगा। इसे भाजपा ने ‘जन विश्वास यात्रा’ का नाम दिया है। भाजपा की इस रथ यात्रा का समापन 12 जनवरी को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की उपस्थिति में होगा।

इस अवसर पर गृह मंत्री ने कहा कि त्रिपुरा में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ने आतंकवाद का सफाया कर दिया है और पूर्वोत्तर राज्य में चहुंमुखी विकास किया है। यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने यह भी कहा कि पीएम मोदी के प्रति लोगों का अपार प्रेम और विश्वास स्पष्ट संकेत देता है कि भाजपा त्रिपुरा में फिर से सरकार बनाएगी।

गृह मंत्री शाह ने आगे कहा कि हमने नेशनल लिबरेशन फ्रंट ऑफ त्रिपुरा के साथ शांति वार्ता के जरिए आतंकवाद का अंत किया है और राज्य में आंतरिक रूप से विस्थापित ब्रू को फिर से बसाया है।  गृह मंत्री आगामी विधानसभा चुनावों से पहले राज्य सरकार की उपलब्धियों को उजागर करने के उद्देश्य से दो भाजपा रथ यात्राओं को हरी झंडी दिखाने के लिए त्रिपुरा में हैं।

अमित शाह ने कहा कि त्रिपुरा, जो कभी मादक पदार्थों की तस्करी, हिंसा और बड़े पैमाने पर राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों के लिए जाना जाता था, अब विकास, उत्कृष्ट बुनियादी ढांचे, खेल में उपलब्धियों, बढ़ते निवेश और जैविक कृषि गतिविधियों के लिए जाना जाता है।

जन विश्वास यात्रा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि ये हरा-भरा क्षेत्र पर्यटकों को देशभर से लाने की क्षमता रखता है, लेकिन पहले यहां आधारभूत संरचना नहीं थी। भाजपा की सरकार ने विकास कर त्रिपुरा के पर्यटन को 11 गुना बढ़ाने की बात की है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कम्युनिस्ट सरकार द्वारा बना हिंसा का वातावरण खत्म हो गया है। कम्युनिस्टों ने त्रिपुरा को ड्रग्स और नशे का अड्डा बनाकर रखा था। बांग्लादेश से घुसपैठियों के लिए दरवाजे खोले थे। BJP ने घुसपैठ और ड्रग्स को रोका, युवाओं को रोजगार की ओर ले जाने का काम किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *