ब्रेकफास्ट में बनाएं लाजवाब तिल गुड़ पराठा

रेसिपी। सर्दियों के मौसम में तिल गुड़ पराठा एक बढ़िया ब्रेकफास्ट हो सकता है। तिल और गुड़ दोनों ही पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं साथ ही ये शरीर की गर्माहट बरकरार रखने में भी सहायता करते हैं। तिल गुड़ पराठा का स्वाद भी बेहद लाजवाब होता है। तिल गुड़ पराठा को ब्रेकफास्ट में सर्व करने के साथ ही बच्चों के टिफिन बॉक्स में भी रखा जा सकता है। सर्दियों में तिल गुड़ पराठा खाने का अलग ही मज़ा होता है। आप अगर तिल गुड़ पराठा पसंद करते हैं तो इसे बहुत आसानी से अपने घर पर भी बना सकते हैं। अगर आपने अब तक तिल गुड़ पराठा नहीं बनाया है और इस स‍र्दी में इसका लुत्फ लेना चाहते हैं तो हमारी बताई रेसिपी आपके काफी काम आ सकती है। इस विधि का पालन कर आप बेहद सरलता से तिल गुड़ पराठा को बनाकर खा सकते हैं। इसका स्वाद बच्चों को भी काफी पसंद आता है।

सामग्री :-
भुना तिल – 1/2 कटोरी
गेहूं आटा – 1 कटोरी
गुड़ – 1/2 कटोरी
देसी घी – जरूरत के अनुसार
नमक – 1 चुटकी

तिल गुड़ पराठा बनाने की विधि
तिल गुड़ का पराठा बनाने के लिए सबसे पहले एक मिक्सिंग बाउल में गेहूं का आटा छानकर डाल दें। अब इसमें चुटकीभर नमक डालें और थोड़ा-थोड़ा कर पानी डालते हुए आटा गूंथ लें। आटा गूंथने के बाद इसे सैट होने के लिए एक कपड़े से ढककर 15 मिनट के लिए रख दें। इस बीच एक कड़ाही लें और उसमें तिल डालकर धीमी आंच पर भूनें। तिल को तब तक भूनना है जब तक इसका रंग हल्का गुलाबी होकर चटकने न लगे। इसके बाद भुना तिल एक बाउल में निकाल लें। इसके बाद एक बड़ी बाउल लें और उसमें पहले गुड़ का चूरा कर डाल दें। इसके बाद भुना हुआ तिल डालकर दोनों सामग्रियों को अच्छी तरह से मिलाते हुए एकसार कर लें। पराठे के लिए स्टफिंग तैयार हो गई है। अब आटा लेकर उसे एक बार और गूंथे फिर समान अनुपात में लोइयां बना लें।

इसके बाद एक नॉनस्टिक पैन/तवा लेकर उसे मीडियम आंच पर गर्म करने के लिए रख दें। एक लोई लेकर उसे थोड़ा सा गोल बेलें। इसमें तैयार किया मसाला बीच में रखकर बंद कर दें। इसके बाद लोई को गोल कर चपटा करें और पराठा बेल लें। जब तवा गर्म हो जाए तो उस पर थोड़ा सा घी डालकर चारों ओर फैलाएं और पराठा डाल दें। अब पराठे को कुछ देर तक सिकने दें, इसके बाद पराठा पलट दें और उसके ऊपर की ओर घी लगाएं। पराठा दोनों ओर से अच्छी तरह से सिक जाए, इसके लिए उसे बीच-बीच में पलटते रहें। ध्यान रखें कि पराठे को गोल्डन और कुरकुरा होने तक सेकना है, इसके बाद एक प्लेट में उतार लें। इसी तरह एक-एक कर सारे तिल गुड़ पराठे सेक लें। इस तरह नाश्ते के लिए स्वाद और पोषण से भरपूर तिल गुड़ पराठे तैयार हो चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *