दिल्ली के रोहिणी इलाके में लगी भीषण आग, एक ही परिवार के 3 लोग जिंदा जले

Delhi: राजधानी दिल्ली के रोहिणी इलाके से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. जहां बीती देर रात करीब आधा दर्जन झुग्गियों में भीषण आग लग गई. इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में मातम का माहौल है.यह हादसा देर रात उस समय हुआ जब लोग अपने घरों में सो रहे थे. अचानक लगी आग ने तेजी से कई झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया. फायरफाइटर्स ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. 

बाहर निकलने का नही मिला मौका

जानकारी के मुताबिक, आग 400 वर्ग गज के प्लॉट में लगी थी, जहां प्लास्टिक का कबाड़ रखा था और कई झुग्गियां बनी हुई थीं. आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने या बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला. मृतक परिवार झुग्गी से बाहर नहीं निकल सका, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान मुसीबुर (25), मुरार (23) और मोइमोना (2) के रूप में हुई है.

आग पर बुझाने में हुई परेशानी

दमकल विभाग के अनुसार, आग लगने की सूचना रात करीब 1:25 बजे मिली थी. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था. लेकिन संकरी गलियों और झुग्गी बस्ती के घने इलाके के कारण दमकल कर्मियों को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक तीनों लोगों की मौत हो चुकी थी.

जांच में जुटी पुलिस

मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. वहीं, मृतकों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि आग जानबूझकर लगाई गई हो सकती है. फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है ताकि हादसे के असली कारणों का पता लगाया जा सके.

इसे भी पढ़ें:-किस दिशा में सिर करके सोना माना जाता है शुभ, जानिए वास्तु नियम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *