Delhi: दिल्ली में साफ-सुथरे और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में शुक्रवार को बड़ा कदम उठाया गया. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ईस्ट विनोद नगर बस डिपो से 200 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इसके साथ ही ईस्ट विनोद नगर बस डिपो की नई प्रशासनिक इमारत और मदनपुर खादर बस टर्मिनल का भी उद्घाटन किया गया.
होलम्बी कला में एक प्लांट का निर्माण
डीटीसी ईस्ट विनोदनगर डीपो पर आयोजित इस कार्यक्रम में सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि होलम्बी कला में एक प्लांट का निर्माण किया जाएगा. वहां इलेक्ट्रिक वाहनों की बैटरी का निस्तारण किया जाएगा. बस चालक व परिचालकों की सुरक्षा की भी चिंता की जा रही है. सरकार इस बात का पूरा ख्याल रख रही है कि बस चालक स्वस्थ स्थिति में वाहन चलाएं.
200 नई इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतारी गईं
राजधानी दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शुक्रवार को 200 नई इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतारी गईं. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूर्वी दिल्ली स्थित ईस्ट विनोद नगर बस डिपो से इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इन बसों में 140 देवी (दिल्ली इलेक्ट्रिक व्हीकल इंटरचेंज) बसें भी शामिल हैं, जिनका उद्देश्य खास तौर पर मोहल्लों और अंदरूनी इलाकों तक बेहतर कनेक्टिविटी देना है.
4500 के पार पहुंची इलेक्ट्रिक बसें
सरकार के मुताबिक यह केवल एक घोषणा नहीं बल्कि एक दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा है. दिल्ली में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या पहले ही 4500 के पार पहुंच चुकी है और 2026 के अंत तक इसे 7000 तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है. इस कदम से न केवल प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और आरामदायक यात्रा का अनुभव भी मिलेगा.
इसे भी पढ़ें:-तीसरी बार राज्यसभा के उपसभापति बने हरिवंश राय, PM मोदी ने दी बधाई