Delhi: होटल एवं रेस्तरां में इस्तेमाल होने वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने से पहले से ही दबाव में चल रहे होटल उद्योग को ‘गंभीर झटका लगा है और आगे स्थिति और बिगड़ने की आशंका पैदा हो गई है. जानकारों की मानें तो आम लोगों को अब होटल और रेस्तरां में अब अपनी जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ सकती है. कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में इजाफा होने की वजह से इन जगहों पर खाना महंगा हो सकता है. खाने की कीमतों में लगभग 15 फीसदी तक का उछाल देखे जाने की संभावना जताई जा रही है.
बिजनेस करने वालों में बढ़ी चिंता
कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में 933 रुपए की भारी बढ़ोतरी के चलते रेस्टोरेंट, सड़क किनारे खाने की दुकानों, कैटरर्स, बेकरी और क्लाउड किचन — छोटे बिजनेस करने वालों में चिंता की लहर दौड़ गई है. 19 किलो वजन वाले वाणिज्यिक सिलेंडर के दाम में तीन बार में हुई कुल 1,332.50 रुपये की बढ़ोतरी से उद्योग की परिचालन लागत अभूतपूर्व स्तर पर पहुंच गई है. ऐसा तब है जब व्यवसाय पहले से ही आपूर्ति व्यवधान, सीमित परिचालन क्षमता और कमजोर नकदी प्रवाह जैसी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं.
खाने की वस्तु हो जाएंगी महंगी
उद्योग से जुड़े हितधारकों का कहना है कि यदि ईंधन की कीमतों को नियंत्रित करने या क्षेत्र विशेष को आर्थिक राहत देने के ठोस उपाय नहीं किए गए, तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं. इससे न केवल आम उपभोक्ताओं के लिए खाद्य वस्तुएं महंगी हो जाएंगी, बल्कि लघु एवं मध्यम श्रेणी के खाद्य उद्यमों के अस्तित्व पर भी संकट गहरा सकता है. हालांकि कुछ रेस्तरां ने बिजली से खाना पकाने के विकल्पों की ओर रुख करने पर विचार किया है, लेकिन बिजली की महंगी दरों ने भी अधिकांश के लिए इस बदलाव को आर्थिक रूप से अव्यवहार्य बना दिया है.
इसे भी पढ़ें:-2 साल से पहले बच्चे को मोबाइल दिया तो हो सकता है बड़ा खतरा, AIIMS की रिसर्च ने बढ़ाई माता-पिता की टेंशन