मन की बात में बोले पीएम मोदी- भारत है लोकतंत्र की जननी, लोकतंत्र हमारी रगों में है

नई दिल्ली। पीएम मोदी ने आज मन की बात कार्यक्रम के माध्‍यम से एक बार फिर से देश को संबोधित किया। पीएम मोदी ने देशवासियों को ‘न्यू इंडिया’ के बारे में बताया। पीएम मोदी ने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह में अनेक पहलुओं की काफी प्रशंसा हो रही है। 26 जनवरी की परेड के दौरान कर्तव्य पथ का निर्माण करने वाले श्रमिकों को देखकर बहुत अच्छा लगा। इस परेड में पहली बार हिस्सा लेने वाली महिला ऊंट सवार और CRPF की महिला टुकड़ी भी काफी सराहना हो रही है।

लोकतंत्र हमारी रगों में है, हमारी संस्कृति में है- पीएम मोदी

मन की बात कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और हम भारतीयों को इस बात का गर्व भी है कि हमारा देश लोकतंत्र की जननी भी है। लोकतंत्र हमारी रगों में हैं, हमारी संस्कृति में है। सदियों से यह हमारे कामकाज का भी एक अभिन्न हिस्सा रहा है। स्वभाव से हम एक लोकतांत्रिक समाज हैं।

आदिवासी समाज अपनी परंपराओं को बचाने के लिए आतुर:-
पीएम मोदी ने कहा कि पद्म पुरस्कार विजेताओं की एक बड़ी संख्या आदिवासी समुदायों और आदिवासी समाज से जुड़े लोगों से आती है। आदिवासी जीवन शहर के जीवन से अलग है, इसकी अपनी चुनौतियां भी हैं। इन सबके बावजूद आदिवासी समाज अपनी परंपराओं को बचाने के लिए हमेशा आतुर रहता है। जनजातीय समुदायों से जुड़ी चीजों के संरक्षण और उन पर शोध के प्रयास भी होते हैं। ऐसे ही टोटो, हो, कुइ, कुवी और मांडा जैसी जनजातीय भाषाओं पर काम करने वाले कई महानुभावों को पद्म पुरस्कार मिले हैं। यह हम सभी के लिए गर्व की बात है।

संयुक्त राष्ट्र ने भारत के प्रस्ताव के बाद लिया योग दिवस और अंतर्राष्ट्रीय बाजरा वर्ष का निर्णय:-  
पीएम मोदी ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस और अंतर्राष्ट्रीय बाजरा वर्ष दोनों का निर्णय भारत के प्रस्ताव के बाद लिया है। योग भी स्‍वास्‍थ्‍य से जुड़ा है और बाजरा भी स्‍वास्‍थ्‍य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। दोनों अभियानों में जनता की भागीदारी के कारण एक क्रांति रास्ते पर है।

पीएम मोदी ने गोवा में आयोजित पर्पल फेस्‍ट इवेंट की चर्चा करते हुए कहा कि, गोवा में पर्पल फेस्ट इवेंट हुआ हैं। दिव्यांगजनों के कल्याण को लेकर यह अपने-आप में एक अनूठा प्रयास था। 50 हजार से भी ज्यादा हमारे भाई-बहन इसमें शामिल हुए। यहां आए लोग इस बात को लेकर रोमांचित थे कि वो अब ‘मीरामार बीच’ घूमने का भरपूर आनंद उठा सकते हैं।

E-Waste दुनिया के लिए खतरनाक- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि आज के लेटेस्ट डिवाईस भविष्य के E-Waste भी होते हैं। जब भी कोई नया डिवाईस खरीदता है या फिर अपनी पुरानी डिवाईस को बदलता है तो यह ध्यान रखना जरूरी हो जाता है कि उसे सही तरीके से डिसकार्ड किया जाता है या नहीं। अगर E-Waste को ठीक से Dispose नहीं किया गया तो यह हमारे पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचा सकता है। लेकिन अगर सावधानीपूर्वक ऐसा किया जाता है तो यह Recycle और Reuse की Circular Economy की बहुत बड़ी ताकत बन सकता है। ये ऐसा है जैसे हर सेकंड 800 लैपटॉप फेंक दिए जा रहे हों।

पेटेंट फाइलिंग में भारत की रैंकिंग 7वीं और ट्रेडमार्क्स में 5वीं- PM मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि आज पेटेंट फाइलिंग में भारत की रैंकिंग 7वीं और ट्रेडमार्क्स में 5वीं है। सिर्फ पेटेंट्स की बात करें तो पिछले पांच सालों में इसमें करीब 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। भारत में पिछले 11 सालों में पहली बार डोमेस्टिक पेटेंट फाइलिंग की संख्या विदेशी फाइलिंग से अधिक देखी गई है। ये भारत के बढ़ते हुए वैज्ञानिक सामर्थ्य को भी दिखाता है। मुझे विश्वास है कि भारत के Techade का सपना हमारे Innovators और उनके Patents के दम पर जरूर पूरा होगा। इससे हम सभी अपने ही देश में तैयार World Class Technology और Products का भरपूर लाभ ले सकेंगे।

मिलेट्स की डिमांड से किसानों की बढ़ रही ताकत- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि आज हिंदुस्तान के कोने-कोने में G-20 की समिट लगातार चल रही है और मुझे खुशी है कि देश के हर कोने में जहां भी G-20 की समिट हो रही है, मिलेट्स से बने पौष्टिक और स्वादिष्ट व्यंजन उसमें शामिल होते हैं। आप कल्पना कर सकते हैं कि देश का ये प्रयास और दुनिया में बढ़ने वाली मिलेट्स की डिमांड हमारे छोटे किसानों को कितनी ताकत देने वाली है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *