त्रिपुरा में बोले पीएम मोदी-‘डबल इंजन की सरकार को चुनने का लोगों ने बना लिया है मन’

अगरतला। त्रिपुरा में नई सरकार बनाने के लिए सभी 60 सीटों पर 16 फरवरी को मतदान होने वाला है। पीएम मोदी त्रिपुरा की राजधानी अगरतला के स्वामी विवेकानंद मैदान में एक जनसभा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और वामपंथियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वामपंथियों के राज में त्रिपुरा विनाश के राह पर था। उन्होंने लोगों को गुलाम समझ लिया था। इसलिए त्रिपुरा के लोगों ने डबल इंजन की सरकार को चुनने का मन बना लिया है।

पीएम मोदी ने कहा कि आज  के पक्ष में माहौल इसलिए है, क्योंकि त्रिपुरा के लोगों को विकास आंखों के सामने दिख रहा है। त्रिपुरा में आज कोई ऐसा परिवार नहीं है जिसकी भाजपा सरकार ने आगे बढ़कर सेवा ना की हो। उन्होंने कहा कि वामंपथियों ने त्रिपुरा को विनाश के रास्ते पर धकेल दिया था। सरकारी दफ्तरों पर काडर का कब्जा, पुलस थानों और व्यापार-कारोबार पर काडर का कब्जा था। वामपंथियों ने त्रिपुरा के लोगों को गुलाम और खुद को बादशाह मान लिया था। पीएम मोदी ने कहा कि, ‘वापं​थी और कांग्रेस अपनी सत्ता की भूख मिटाने के लिए कुछ भी कर सकते हैं। ये केरल में कुश्ती करते हैं और त्रिपुरा में दोस्ती कर रहे हैं।

रैली को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि त्रिपुरा के युवाओं, माता-बहनों ने चंदा की कंपनी वालों और दंगा करने वालों को फिर से ‘रेड कार्ड’ दिखा दिया है। त्रिपुरा के लोगों ने ऐलान कर दिया है, उन्हें सबका साथ, सबका विकास वाली सरकार चाहिए। पीएम मोदी ने कहा कि इस चुनाव में मुझे जहां भी जाने का अवसर मिला है, मैंने देखा है कि फिर एक बार भाजपा की सरकार बनाने का मन त्रिपुरा के लोगों ने बना लिया है। डबल इंजन की सरकार के लिए आपका समर्थन देखकर मेरी खुशी भी डबल हो गई है।

पीएम मोदी ने कहा कि महाराज राधा किशोर माणिक्य बहादुर जी और गुरुदेव रविंद्र नाथ टैगोर ने जो रास्ता दिखाया, उसी आधार पर भाजपा ने त्रिपुरा को सुशासन दिया है। उन्होंने कहा कि उनके दौर का विकास आज भी त्रिपुरा की शान है। त्रिपुरा की इस पहचान को 21वीं सदी का नया आयाम देने के लिए हमने हाईवे, आईवे,  रेलवे और एयरवे का संकल्प लिया था।

पीएम मोदी ने कहा कि बीमारी की हालत में इलाज का खर्च किसी भी गरीब के लिए सबसे बड़ी चिंता होती है। इसलिए केंद्र की भाजपा सरकार ‘आयुष्मान योजना’ लेकर आई है। इस योजना के ​तहत त्रिपुरा के करीब 2 लाख लोगों ने अस्पताल में अपना मुफ्त इलाज करवाया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के डबल लाभ का एक और उदाहरण है ‘पीएम-किसान योजना’ है। ‘पीएम-किसान योजना’ के तहत किसानों को दी जाने वाली सम्मान निधि की राशि 6000 रुपये प्रति वर्ष से बढ़ाकर 8000 रुपये किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *