दिल्ली सहित कई राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश की संभावना

नई दिल्ली। देश में मौसम करवट लेने लगा है। फरवरी के आखिरी हफ्ते से ही कई राज्यों में गर्मी की शुरुआत हो चुकी है। तेज धूप के साथ बढ़ता तापमान इस बात का अहसास कराने लगा है कि गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है। मार्च में ही बढ़ती गर्मी के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राहत की खबर दी है। IMD ने कहा है कि देश की राजधानी दिल्ली सहित कई राज्यों में आंधी तूफान और बारिश होने के आसार है।

रिपोर्ट के मुताबिक IMD ने बताया है कि दिल्ली-एनसीआर, मुंबई सहित कई राज्यों में आज से बारिश शुरू हो जाएगी। बता दें कि मुंबई और दिल्ली में तापमान बढ़ रहा था और लोग गर्मी से परेशान होने लगे थे। लेकिन बारिश होने के कारण विभिन्न क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की कमी देखने को मिलेगी।

मौसम विभाग के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार और अगले चार से पांच दिनों तक हल्की बारिश के साथ बादल छाए रहने की संभावना है। बुधवार को अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं IMD ने देश भर के मौसम के लिए एक मैप जारी किया है। मौसम विभाग द्वारा जारी इस मैप में देखा जा सकता है कि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु समेत उत्तर-पूर्व के कई इलाकों में बारिश का येलो अलर्ट है।

इन इलाकों में आंधी-तूफान और बारिश
वहीं मौसम विभाग के मैप में महाराष्ट्र, कर्नाटक और सिक्किम के आसपास के इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 16 से 19 मार्च तक महाराष्ट्र, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश के आंतरिक भाग में व्यापक रूप से हल्की से मध्यम बारिश और आंधी या ओलावृष्टि होने के आसार है। इसके अलावा 16 से 20 मार्च के दौरान पूर्वी भारत में और 17 से 19 मार्च के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र सहित उत्तर पश्चिमी भारत में भी व्यापक रूप से बारिश की संभावना है।

इस बीच मुंबई के लोग आसमान में बादल देख सकते हैं। क्योंकि मौसम विभाग ने 17 मार्च तक शहर में बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान लगाया है। मुंबई में आज एक या दो बार बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *