आज एक घंटे स्थगित रहेगी दोनों सदनों की कार्यवाही….

नई दिल्‍ली। महान गायिका लता मंगेशकर के निधन से देशभर में गम का माहौल है। केंद्र सरकार ने 6 व 7 फरवरी को राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। 92 वर्षीय लता जी का रविवार की सुबह मुंबई के ब्रीचकैंडी अस्पताल में निधन हो गया। रविवार की शाम 6.30 बजे के करीब राजकीय सम्मान के साथ मुंबई में उनका अंतिम संस्कार किया गया। पीएम नरेंद्र मोदी ने मुंबई पहुंचकर श्रद्धांजलि दी।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि देश में दो दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। इस बारे में राज्यों के मुख्य सचिवों को वायरलेस संदेश भेजकर सूचना दी गई। राष्ट्रीय शोक के दौरान 6 व 7 फरवरी को राष्ट्र ध्वज आधा झुका रहेगा।

केंद्र सरकार ने महान गायिका के सम्मान में दो दिनी राष्ट्रीय शोक का फैसला किया है। इस दौरान कोई सरकारी मनोरंजन के कार्यक्रम नहीं होंगे। लता मंगेशकर की अंत्येष्टि पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ की जाएगी। महान गायिका लता मंगेशकर को श्रद्धांजली देने के बाद सोमवार को उनके सम्मान में राज्यसभा और लोकसभा की कार्यवाही एक-एक घंटे के लिए स्थगित की जाएगी।

सभापति एम वेंकैया नायडू सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर के निधन पर शोक संदेश पढ़ेंगे। इसके बाद एक घंटे के लिए उनके सम्मान में सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *