Health care: मौसम का मिजाज बदलते ही हमारे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता की परीक्षा शुरू हो जाती है. जब ठंड का मौसम जाता है और गर्मी दस्तक देती है, तो वातावरण में बैक्टीरिया और वायरस तेजी से पनपने लगते हैं. विशेषज्ञों के मुताबिक, मौसम बदलने के बावजूद पुराने तरीके का खान-पान जारी रखना ही बीमारियों की सबसे बड़ी वजह बनता है.
शरीर को नए तापमान और वातावरण के अनुकूल ढालने के लिए मौसम के अनुसार आहार का पालन करना बहुत जरूरी है. छोटे बच्चों का इम्यून सिस्टम आमतौर पर बहुत मजबूत नहीं होता है और बुजुर्गों में भी इम्यूनिटी धीरे-धीरे कमजोर होने लगता है, जिसकी वजह से उन्हें विशेष पोषण की आवश्यकता होती है.
क्या चीजें डाइट में शामिल करें?
बदलते मौसम में शरीर को पोषण और एनर्जी की जरूरत ज्यादा होती है. इसलिए डाइट में कुछ खास चीज़ें शामिल करना बेहद जरूरी है. सबसे पहले फल और सब्ज़ियां, खासकर मौसमी फल जैसे संतरा, मौसंबी, पपीता और सब्ज़ियां जैसे गाजर, पालक, भिंडी आदि रोज़ाना खाएं. ये विटामिन और मिनरल्स से भरपूर होते हैं और इम्यूनिटी बढ़ाते हैं.
इसके अलावा प्रोटीन वाले आहार जैसे दूध, दही, पनीर, अंडा और दालों को अपनी डाइट में शामिल करें. गर्म मसाले और हल्का ताज़ा जड़ी-बूटी वाला सूप भी शरीर को ठंड और संक्रमण से बचाने में मदद करता है. इसके अलावा पर्याप्त पानी पीना और हाइड्रेटेड रहना भी बहुत जरूरी है. थोड़ी मात्रा में नट्स और सीड्स, जैसे बादाम और कद्दू के बीज, भी पोषण और एनर्जी बढ़ाने के लिए अच्छे हैं.
किन चीजों से परहेज करें?
बदलते मौसम में कुछ चीजों से बचना भी जरूरी है. सबसे पहले बहुत ज्यादा तैलीय और जंक फूड का सेवन न करें. ठंडे पेय और बहुत ज्यादा आइसक्रीम खाने से पेट और गले में समस्या हो सकती है. अधिक मसाले या बहुत ज्यादा नमक वाला खाना भी शरीर पर दबाव डाल सकता है.
साथ ही बाहर का बिना पकाया हुआ खाना, स्ट्रीट फूड या पानी का सेवन सावधानी से करें. इनसे संक्रमण और पेट की बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है. संतुलित और साफ-सुथरी डाइट रखना ही बदलते मौसम में सेहत बनाए रखने का सबसे आसान तरीका है.
ऐसे रखें सेहत का पूरा ध्यान
बदलते मौसम में सेहत बनाए रखने के लिए सही खानपान के साथ-साथ लाइफस्टाइल पर भी ध्यान दें. पर्याप्त नींद लें और तनाव कम करें. हल्की एक्सरसाइज, योग या प्राणायाम करें ताकि शरीर मजबूत रहे. हाथ-पैर और शरीर को हमेशा साफ रखें और मौसम के अनुसार गर्म कपड़े पहनें.
इसे भी पढ़ें:-पीएम मोदी और इमैनुएल मैक्रों के बीच हुई मुलाकात, कई मुद्दों पर होगी चर्चा